अनशनकारियों के समर्थन में कराया बंद
कांडी : काडी भाजपा मंडल के तत्वावधान में चल रहे धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को अनशनकारियों से वार्ता करने के लिए एसडीओ पशुपति नाथ मिश्रा व बिजली विभाग के सहायक अभियंता सुना राम सोरेन पहुंचे। दो घंटे तक चली वार्ता विफल रही। अनशनकारी पंद्रह सूत्री मांगों को लेकर अडिग हैं। अनशनकारियों के समर्थन में शुक्रवार को स्थानीय व्यवसायी व ग्रामीण भी उतर गए हैं। अनशनकारियों के समर्थन में कांडी में बंद कराया गया।
गुरुवार की शाम व्यवसायियों व ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकाला। मशाल जुलूस थाना मोड़ से लेकर बाजार होते हुए धरना स्थल तक पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग राज्य सरकार विरोधी नारे लगा रहे रहे थे। वहीं शुक्रवार को अनशनकारियों व ग्रामीणों ने कांडी बाजार को बंद करा दिया। टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन भी किया। यहां तक की मध्य विद्यालय कांडी, वनांचल ग्रामीण बैंक, एसबीआइ भी अनशनकारियों ने बंद करा दिया। अनशनकारियों को एसडीओ पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा आश्वासन दिया गया। मगर अनशनकारियों पर कोई प्रभाव नही हुआ। अनशनकारी प्रखंड क्षेत्र के मूलभुत समस्याओं को दूर करने सहित 15 सूत्री मांग पर डटे हुए हैं।
मौके पर मंडल अध्यक्ष राम लला दुबे, रामचंद्र चंद्रवंशी, वीरेंद्र नाथ दुबे, विनोद ओझा, मुखिया संघ के नेता श्रीकांत पांडेय, राम लखन प्रसाद, विनोद प्रसाद, गुडडू सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुरेंद्र विश्वकर्मा, संजय पासवान, उपेंद्र चंद्रवंशी आदि उपस्थित थे।