डीसी से मिले आश्वासन के बाद जिप सदस्य का अनशन समाप्त
गढ़वा : सोमवार को सारा दिन चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद उपायुक्त सुधांशु भूषण बरवार के साथ पिछले पांच दिनों से अनशन पर बैठीं जिप सदस्य कंचन केसरी की वार्ता हुई। उपायुक्त ने कंचन केसरी की सभी मांगों को मानने को लेकर न केवल सहमति जताई। बल्कि देर शाम करीब पौने छह बजे कंचन केसरी को जूस पिलाकर देर उनका अनशन समाप्त कराया।
इसके बाद वहां मौजूद कंचन केसरी के समर्थकों ने कंचन केसरी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इससे पूर्व जिला प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए पहल नहीं की जाने से आक्रोशित कंचन केसरी के समर्थकों ने सोमवार की सुबह करीब दस बजे से एनएच-75 गढ़वा-मुड़ीसेमर मुख्य पथ को जाम कर दिया। गढ़वा बीडीओ के आश्वासन के बाद सड़क जाम कर रहे लोग जाम हटाने पर राजी हुए। उपायुक्त से मिले आश्वासन के बाद कंचन केसरी ने इसे गढ़वा विधानसभा क्षेत्र की जनता की जीत बताया है। इन्होंने कहा कि इनका अनशन गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त जनसस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर था। इससे पहले उप विकास आयुक्त उमाशंकर प्रसाद के साथ कंचन केसरी की दो दौर की वार्ता बेनतीजा रही थी।