पिछड़ों के साथ हो रहा अन्याय
गढ़वा : झारखंड में अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। जबकि इस वर्ग के लोगों ने झारखंड आंदोलन में अपना सब कुछ न्यौछावर किया है। यह बातें झारखंड वैश्य संघर्ष मोर्चा के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार गुप्ता ने शनिवार को गढ़वा में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग की आबादी 52 प्रतिशत है। मगर सरकारी नौकरी में ओबीसी को मात्र 14 फीसद ही आरक्षण दिया जा रहा है। मोर्चा ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग करता है। सरकार जल्द इसे लागू नहीं करती है तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार मानसून सत्र में इसे लागू कर समाज के लोगों को न्याय दे। पिछड़ों को 27 फीसदी आरक्षण देने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर आगामी 31 जुलाई को मोर्चा द्वारा रांची में धरना दिया जाएगा। जबकि 1 अगस्त को हजारीबाग में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़ी आबादी वाली ओबीसी के सदस्य राज्य के विधायकों से सवाल पूछ रहें हैं कि क्यों उन्होंने चुप्पी साध रखी है तथा कब तक हमें न्याय मिलेगा। अन्यथा विधानसभा चुनाव में ओबीसी उन्हें इसका जवाब देंगे। पत्रकार वार्ता में जिला महासचिव ज्योति प्रकाश, अशोक मधेशिया उपस्थित थे।