535 कैदी भूख हड़ताल पर
गढ़वा : मंडल कारा से दर्जनभर कैदियों को दूसरे जेल भेजे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को कैदियों ने कारा में बंद सभी 535 पुरुष-महिला बंदियों की बेमियादी भूख हड़ताल पर चले जाने का दावा किया है। कैदियों का दावा है कि शनिवार को जेल के भीतर कैदियों के लिए खाना बनाने का चूल्हा भी नहीं जला है।
विज्ञप्ति जारी कर कैदियों ने कहा है कि जब तक मंडल कारा गढ़वा से दर्जनभर कैदियों को दूसरे जेल भेजे जाने के आदेश को रद नहीं किया जाता, तब तक इनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। इस मामले में उन्होंने झारखंड के राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी भेजा है। इसमें राज्यपाल से मंडल कारा गढ़वा में बंद कैदियों को दूसरे जेल भेजे जाने के आदेश को रद करने की मांग की गई है। कैदियों ने कहा है कि एक साजिश के तहत कारा व जिला प्रशासन द्वारा कैदियों को दूसरे जेल में भेजने की साजिश की गई है। ताकि इन कैदियों का गढ़वा व्यवहार न्यायालय में चल रहे सभी मुकदमें लंबित हो जाएं तथा उन्हें जमानत नहीं मिल सके। इधर कैदियों की भूख हड़ताल पर जाने के मामले में कारा प्रशासन चुप्पी साधे हुए है।
---
मैं अभी झारखंड न्यायालय के न्यायमूर्ति की ड्यूटी में लगा हूं। मुझे कैदियों की भूख हड़ताल की जानकारी नहीं है। जेलर से बात कर लें।
-पीके झा, सीओ सह प्रभारी काराधीक्षक मंडल कारा गढ़वा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर