छात्रा को निर्वस्त्र करने वाली चार छात्राएं गिरफ्तार
मोबाइल चोरी के आरोप में कॉलेज की छात्रा को निर्वस्त्र करने के आरोप में चार छात्राओं को गिरफ्तार किया गया है।
जागरण संवाददाता, दुमका। मोबाइल चोरी के आरोप में अपने ही कॉलेज की एक छात्रा को निर्वस्त्र करने और फोटो वायरल करने के आरोप में महिला थाना की पुलिस ने मंगलवार को एसपी महिला कॉलेज की चार आदिवासी छात्राओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि वार्डन और छात्रनायिका को पूछताछ के लिए थाना में रखा गया है।
छात्रा के साथ उत्पीड़न की घटना को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन को आदेश दिया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रशासन मामले की जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजे। दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने और मुख्यमंत्री से मिले सख्त कार्रवाई के आदेश के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और सिदो-कान्हु मुर्मू विवि प्रबंधन हरकत में आ गया। सभी ने अपने स्तर से टीम गठित कर मामले की जांच कराई।
विवि की टीम ने कॉलेज जाकर प्रभारी वार्डन अंजू मुर्मू, प्रो. अंजुला मुर्मू और प्रो. हनीफ से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। विवि रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारियों पर कार्रवाई करेगा। पुलिस अधीक्षक मयूर पटेल ने महिला थाना जाकर आरोपी और पीडि़त छात्रा से पूछताछ की। महिला थाना की पुलिस ने चारों छात्राओं पर मामला दर्ज किया। देर शाम सभी छात्राओं को एसीजेएम संजय दुबे की अदालत में पेश किया। वहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
जानिए, क्या है पूरा मामला
कॉलेज की एक छात्रा का दस दिन पहले मोबाइल चोरी हो गया। उसकी एक सहेली ने दो अगस्त को पीडि़ता को बस स्टैंड के समीप उसी मोबाइल पर बात करते देख लिया। शक के आधार पर वह छात्रा को बहाने से कॉलेज हॉस्टल ले आई। यहां पर हॉस्टल की चार छात्राओं ने तलाशी के नाम पर उसे निर्वस्त्र कर दिया। एक छात्रा ने फोटो भी खींच ली और उसे कॉलेज के ग्रुप में ही पोस्ट कर दिया। सोमवार को छात्रा का वीडियो वायरल हो गया। खबर प्रकाशित होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और चार छात्राओं को गिरफ्तार किया।
पीडि़ता के बयान पर महिला थाना में मामला दर्ज कर चार छात्राओं को जेल भेज दिया गया है। अब तक के अनुसंधान के क्रम में उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। साक्ष्य संकलन के आधार पर अन्य कार्रवाई की जा रही है।
-मयूर पटेल, पुलिस अधीक्षक, दुमका।
यह भी पढ़ेंः इंजन की छत से बारिश, चालक ने छाता थाम दौड़ाई ट्रेन