रानीश्वर स्वास्थ्य केंद्र के लिपिक पर मामला दर्ज
दुमका : रानीश्वर के बांसकुली गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में काम करनेवाले तत्कालीन लिपिक विश्व
दुमका : रानीश्वर के बांसकुली गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में काम करनेवाले तत्कालीन लिपिक विश्वजीत गोराई के खिलाफ शुक्रवार की शाम को सिविल सर्जन ने धोखाधड़ी कर राज्य खजाने से कई साल से वेतन उठाने का मामला दर्ज कराया। विश्वजीत कई साल से विभाग में अवैध रूप से काम कर रहे हैं। 26 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन को तत्काल लिपिक के खिलाफ मामला दर्ज कराने का आदेश दिया था।
शुक्रवार की शाम सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार साहा मामले की गंभीरता देख स्वयं नगर थाना गए और पुलिस को सारी जानकारी देने के बाद मामला दर्ज कराया। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि पहले से अवैध नियुक्ति का यह मामला उच्च न्यायालय में चल रहा है। 25 जनवरी को न्यायालय के आदेश पर इस मामले की जांच कराई गई। समिति ने जांच में लिपिक की नियुक्ति को अवैध पाया। उन्होंने धोखाधड़ी कर नौकरी हासिल की और सरकारी लाभ उठाया, जिसके वे हकदार नहीं थे। विभागीय सचिव का आदेश मिलने के बाद सिविल सर्जन ने पहले विश्वजीत को कार्यरत कर्मी की सूची से हटाया और फिर उनके खिलाफ नगर थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।