ब्लैक क्वार्टर का टीका बरसात से पहले लगवाएं पशुपालक
दुमका : अमूमन पशुओं में बरसात में फैलने वाली छूत की बीमारी ब्लैक क्वार्टर से बचाव के लिए पशुओं को बर
दुमका : अमूमन पशुओं में बरसात में फैलने वाली छूत की बीमारी ब्लैक क्वार्टर से बचाव के लिए पशुओं को बरसात से पूर्व ही रोग निरोधक टीका लगवाना जरूरी है। पशु रोग विशेषज्ञों के मुताबिक ब्लैक क्वार्टर नामक बीमारी को जहरवात के नाम से भी पुकारा जाता है। यह बीमारी ज्यादातर छोटे स्वस्थ बछड़ों को होती है लेकिन इस बीमारी की चपेट में किसी भी उम्र के पशु आ सकते हैं। बीमारी पशुओं को दलदल व कीचड़युक्त जगहों पर रखने से ज्यादा होता है।
ये है रोग फैलने का समय व कारण
यह रोग एक खास तरह के जीवाणु से फैलता है जो शरीर में खानपान या जख्म से प्रवेश करता है। खराब मौसम में पशुओं को खुला रखने या अधिक शारीरिक परिश्रम से रोग का प्रसार होता है। इस रोग के होने पर पशु सुस्त हो जाता है। पशु का पिछला पुट्ठा सूज जाता है और यह लंगड़ा कर चलता है। सूजन धीरे-धीरे शरीर के दूसरे भाग में भी फैल जाती है। सूजन की वजह से पशु दर्द भी महसूस करते हैं। इस बीमारी से ग्रसित पशु के शरीर का तापमान भी काफी बढ़ जाता है। पशुओं को सांस लेने में कठिनाई होती और अंत में इस बीमारी से पशु की मौत हो जाती है।
ये है बचाव के उपाय
- बरसात से पूर्व पशुओं को टीका लगवा लिया जाए।
- गांव में बीमारी होने पर पशु चिकित्सक को फौरन सूचित किया जाए।
- स्वस्थ पशुओं को रोग पशु से तुरंत अलग कर दिया जाए।
वर्जन
यह एक छूत एवं एंडेमिक बीमारी है। अगर पशु इस रोग की चपेट में आ जाएं तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क कर इसका इलाज कराना चाहिए। इलाज में देर होने पर रोगी पशुओं को बचाना कठिन हो जाता है।
-डॉ. संजय कुमार, पशु वैज्ञानिक, केवीके, दुमका