ससुरालवालों ने मिलकर पति की ली जान
दुमका : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धधकिया गांव में एक महिला ने पति की हत्या के आरोप में ससुराल पक्ष के
दुमका : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धधकिया गांव में एक महिला ने पति की हत्या के आरोप में ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ रविवार देर शाम मामला दर्ज कराया। बताया कि ससुराल वालों ने 24 मार्च को पति दामोदर रजक की हत्या कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।
प्राथमिकी के अनुसार जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड के सिकदारडीह गांव निवासी परमानंद रजक ने 27 नवंबर 11 को बेटी पूनम रजक की शादी दामोदर रजक के साथ की थी। शादी के पांच साल बेटी एक बेटी की मां बनी। बेटी के जन्म लेने के साथ ही महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। किसी तरह 1.45 लाख रुपया देकर दहेज लोभियों का मुंह बंद करने का प्रयास किया गया। पैसा मिलने के कुछ दिन तक सब ठीक रहा लेकिन फिर प्रताड़ना का दौर फिर शुरू हो गया।
24 मार्च की रात दामोदर की अपने पिता से कहासुनी हुई। ससुराल पक्ष के सभी लोगों ने पूनम को एक कमरे में बंद कर दामोदर की हत्या कर दी। पूरी रात पूनम को उसके घर में घुसने नहीं दिया गया। अगले दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया। पूनम ने प्राथमिकी में कहा कि श्राद्धकर्म के नाम पर उसे 45 दिन तक ससुराल में रखा गया। उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई। पंचायती भी हुई लेकिन कुछ नहीं हुआ। 14 मई को पिता घर आए तो उन्हें बंदी बना लिया गया। किसी तरह थाना जाकर सारी जानकारी दी। पुलिस की मदद से वह पिता के घर जा सकी।
तीन अगस्त को दहेज का सामान लौटाने के लिए बैठक बुलाई गई लेकिन ससुराल पक्ष के लोग नहीं आए। पूनम ने नौ लोगों पर पति की हत्या और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।