सबक सिखाने के लिए कराई डकैती
दुमका : बासुकीनाथ के पेड़ा व्यवसायी राजेंद्र गुप्ता को सबक सिखाने के लिए उनके पड़ोसी ने ही डकैती की सा
दुमका : बासुकीनाथ के पेड़ा व्यवसायी राजेंद्र गुप्ता को सबक सिखाने के लिए उनके पड़ोसी ने ही डकैती की साजिश रची थी। डकैत 3 फरवरी की रात घर से जेवरात, नकदी के अलावा स्कार्पियो गाड़ी ले गए थे। उसी दिन पुलिस ने गाड़ी को जमुई से बरामद कर लिया था। पुलिस ने डकैती की साजिश रचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने की एक चेन, दो टॉप्स व तीन मोबाइल बरामद किया है। आरोपी बासुकीनाथ के ही रहने वाले हैं।
शुक्रवार को एसपी विपुल शुक्ला ने बताया कि आरोपी जयकृष्ण गुप्ता उर्फ विक्की की राजेंद्र से व्यवसाय को लेकर दुश्मनी थी। राजेंद्र ही हरकतों से तंग आकर विक्की ने अपने दोस्त जिया नाग की मदद से बिहार के डकैतों से संपर्क किया। 3 फरवरी की रात बासुकीनाथ में श्याम महोत्सव होने के कारण इन लोगों को लगा कि सभी का ध्यान कार्यक्रम पर होगा और डकैत अपना काम कर आसानी से निकल जाएंगे। दोनों ने मुंगेर और लखीसराय के कुछ डकैतों को बुलवाया और राजेंद्र के घर डाका डलवा दिया। दोनों के हिस्से में जो जेवरात आए थे, उन्हें बरामद कर लिया गया। जबकि डकैत कुछ जेवरात व गाड़ी लेकर चले गए। जरमुंडी थानेदार मनोज ठाकुर द्वारा पीछा किए जाने पर डकैत जमुई के सोनो गांव के समीप गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। जिया डकैतों को देवघर तक छोड़ने गया था।
---------------
व्यापारी के व्यवहार से थे नाराज
गिरफ्तार विक्की की माने तो व्यापारी राजेंद्र अक्सर उनके परिवार के लोगों से गाली-गलौज करता था। पैसावाला होने के कारण उनकी दुकान भी हड़पना चाहता था। लगातार अपमानित होने के कारण डकैतों की मदद से सबक सिखाने का निर्णय लिया था।