मांगने आए थे हक, पहुंच गए जेल
दुमका : मानदेय के लिए गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर रहे रसोइया संघ के सदस्यों को
दुमका : मानदेय के लिए गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर रहे रसोइया संघ के सदस्यों को शब्दों की सीमा लांघना महंगा पड़ गया। उपायुक्त के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के कारण पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में नौ महिला समेत 14 गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गुरुवार दिन करीब एक बजे लगभग सौ की संख्या में संघ के सदस्य हाथ में बैनर लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर पहुंच गए। संघ के कुछ सदस्यों ने माइक लेकर स्कूल में मिड डे मील तैयार करने वाली रसोइया को मानदेय दिलाने के लिए नारेबाजी करने लगे। इसके बाद संघ के अन्य सदस्य इतने जोश में आ गए कि शब्दों की मर्यादा ही लांघ गए। उपायुक्त के लिए असंसदीय भाषा का उपयोग किया। यह सिलसिला करीब आधा घंटे चलता रहा है। उपायुक्त अपने कक्ष में प्रदर्शनकारियों की बात सुन रहे थे। उन्होंने तत्काल एसपी से दूरभाष पर बात कर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और 14 लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले आई।
-------
दंडाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी
उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान मौजूद दंडाधिकारी विकास कुमार के बयान पर नगर थाना की पुलिस ने नौ महिला समेत 14 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मुंडा बास्की, रामेश्वर सोरेन, प्रेम कुमार राणा, ओलियस सोरेन, कैलाश भगत, तेरेसा हांसदा, दानमुनि सोरेन, सलोनी टुडू, पुष्पा हेम्ब्रम, सरस्वती लोहार, फूलमती देवी, सावित्री, मोनिका हांसदा व अनीता मुर्मू को देर शाम तक जेल भेज दिया जाएगा।