सूबे में झामुमो ने बढ़ाया भ्रष्टाचार : बाबूलाल
संस, रामगढ़ (दुमका): झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है।
संस, रामगढ़ (दुमका): झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। सूबे की बालू को दिल्ली और मुंबई में बेच दिया गया। वह गुरुवार को जामा विधानसभा क्षेत्र से झाविमो प्रत्याशी सुखलाल सोरेन के पक्ष में लीलातरी मैदान में आयोजित चुनावी सभा में बोल रहे थे।
बाबूलाल ने कहा, मैं जब मुख्यमंत्री था तो ईमानदारी पूर्वक विकास की लंबी लकीर खींच रहा था। प्रदेश में 14 वर्ष तक भाजपा और कांग्रेस ने दिल्ली में बैठकर सरकार चलाई। इसके बावजूद राज्य का विकास नहीं हो पाया। राज्य में आतंक और अपराध चरम पर पहुंच गया है। रोजगार के लिए लोग पलायन कर रहे हैं। हेमंत सरकार राशन क्या राशन कार्ड भी नहीं दे सकी। झामुमो काली कमाई के बल पर चुनाव में पानी की तरह पैसा बहा रहा है। भ्रष्टाचार मामले में शिबू सोरेन और विधायक सीता सोरेन जेल की हवा खा चुके हैं। हेमंत सोरेन भी भ्रष्टाचार में लिप्त है। यदि झारखंड में झाविमो की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारियों का जेल जाना तय है। साथ ही 90 दिन के अंदर टेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नौकरी मिलेगी। 60 दिन में राशन कार्ड का वितरण किया जाएगा।
सुखलाल सोरेन ने भी अपने विचार रखे। मौके पर जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू, शैलेंद्र हेम्ब्रम, जीतलाल राय, हिमांशु चंद्र मंडल, गोपाल मंडल, बालकिशोर राय आदि मौजूद थे।