सीतामढ़ी के ध्यानार्थ : ऑटो पलटने से 16 श्रद्धालु घायल
बासुकीनाथ (दुमका) : दुमका-देवघर मुख्य मार्ग पर जरमुंडी थाना क्षेत्र के दुधानी गांव के समीप सोमवार की सुबह ऑटो पलटने से 16 श्रद्धालु घायल हो गए। इसमें चार बच्चे भी शामिल है। सभी बिहार के सीतामढ़ी जिला के रामनगरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को जरमुंडी थाना पुलिस एवं ग्रामीणों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया जहां डॉ. रामाकांत राय ने उनका इलाज किया। इसमें से गंभीर रूप से घायल जिरूवा देवी को रेफर कर दिया गया। घायलों ने बताया कि देवघर में पूजा करने के बाद देवघर से ही ऑटो रिजर्व करके बासुकीनाथ आ रहे थे। ऑटो का अगला पहिया फटने के कारण दुर्घटना घटी। घायलों में राम किशोर साह, मनोज कुमार, जियालाल सिंह, जिरूवा देवी, शीतल राव, शिबिया देवी, रंजीत कुमार, गीता देवी, यशोदा देवी, समुद्री देवी, ममता कुमारी, नीतीश कुमार, मनतरन देवी, रूपा कुमारी एवं सुदेश कुमार घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस पे दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है।