शिबू को मैंने दिलाई राजनीतिक पहचान : साइमन
संस, गोपीकांदर : गोपीकांदर प्रखंड स्थित डाकबंगला में भाजपा नेता साइमन मरांडी ने सोमवार को कार्यकर्ताओं व जनता के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि झामुमो सुप्रीमो को मैं 1972 से जानता हूं। तब वह टुंडी से मुखिया का चुनाव हार गए थे। संताल परगना में शिबू सोरेन को मैंने राजनीतिक पहचान दिलाई। झारखंड अलग राज्य बनने के बाद शिबू सोरेन कई बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन जनता के लिए कुछ नहीं किया। अब उनके पुत्र हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हैं। पार्टी में भी उन्हीं की चलती है। लोकसभा चुनाव में मैंने अपने बेटे के लिए टिकट मंगा तो मुझे अपमानित किया गया। पार्टी से निकाल दिया गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की मंशा जताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया।
मौके पर उज्जवल शील, विनोद बिहारी राय, दशरथ भगत, लखीचंद्र मंडल, हराधन पाल, सुदामा भगत, मंगल चांद, विजय गुप्ता, बजरंगी राय, नकुल मंडल, अकलू राय, रमेश मंडल, मंटू मंडल आदि मौजूद थे।