विधानसभा में उठेगा ध्वस्त विधि व्यवस्था का मुद्दा
दुमका : झाविमो के केंद्रीय महासचिव प्रदीप यादव ने कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। वह बुधवार को परिसर में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। कहा कि गोड्डा जिला के देवडांड थाना इलाके में हुई अंजना देवी की हत्या, देवघर जिला के जसीडीह थाना इलाके में झाविमो प्रखंड अध्यक्ष बलबीर राय की पुत्री का अपहरण और हत्या एवं जामताड़ा जिला के नाला थाना क्षेत्र में भगवान मंडल की हत्या जैसे अन्य संगीन अपराधों के खिलाफ झाविमो समर्थक 28 जुलाई से आइजी कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन करेंगे। इसमें पीड़ित परिवार भी साथ होंगे। इन मुद्दों को विधानसभा सत्र के दौरान जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
प्रदीप ने कहा कि इस बार विधानसभा सत्र को जानबूझ कर छोटा किया गया है। कम से कम 15 दिन का सत्र होना चाहिए था। लेकिन यह मात्र छह दिनों का किया गया है। इस बार के सत्र में राज्य कि विधि व्यवस्था पर सवाल किया जाएगा। राज्य में कानून व्यवस्था एकदम चौपट हो गयी है।
प्रदीप ने कहा कि राज्य में मदरसा एवं संस्कृत टीचर को दैनिक मजदूरी से भी कम 145 रुपया प्रतिदिन दिया जा रहा है। 592 मदरसा को अब भी अनुदान नहीं मिला है। 53 लाख परिवारों को राशन कार्ड नहीं मिला है। बालू घाट का टेंडर रद करने की बात सरकार ने कही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। राजद के विरोध के बावजूद आंगनबाड़ी में पोषाहार का टेंडर करने की अनुमति दे दी गयी। वहीं पर्यटन विभाग द्वारा लघु फिल्म बनाने के लिए 200 करोड़ का घोटाला हुआ, लेकिन सचिव अरूण सिंह पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के एक साल के कार्यकाल में 2210 हत्याएं, 1375 अपहरण, 1130 दुष्कर्म, 423 नक्सल घटनाएं हो चुकी हैं। मौके पर विधायक मिस्त्री सोरेन, परितोष सोरेन, छोटू मुर्मू, जिला अध्यक्ष रमेश मुर्मू, मनोज जायसवाल, गौतम महतो, धर्मेन्द्र सिंह, विवेकानंद राय आदि मौजूद थे।