बस पलटने से दो की मौत
दुमका : जामा थानान्तर्गत महारो पंचायत भवन के पास बुधवार को मिनी बस के पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान जरमुंडी थाना क्षेत्र स्थित कुरूवा बेरूडीह गांव निवासी खिला सोरेन एवं सरडीहा निवासी जनार्दन खिरहर के रूप में हुई है। घायलों में दो कांवरिया भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। इनकी पहचान असम के बोगीयाबाद थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप पाल एवं खोखन चौहान के रूप में हुई है। घायलों को दुमका सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है। अन्य दो यात्रियों को मामूली चोट आयी है।
जानकारी के अनुसार, बस की स्टेयरिंग जाम हो गयी थी। इस कारण चालक रफ्तार को नियंत्रित नहीं कर सका और बस पलट गयी। दुर्घटना के बाद मिनी बस का चालक फरार हो गया। उधर, दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने कुछ देर तक के बाद कुछ देर के लिए दुमका-देवघर मार्ग जाम कर कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वे शांत हुए।