समर्थन के सवाल पर फैसला 22 को
दुमका : झारखंड विकलांग संघर्ष मोर्चा की बैठक रविवार को शिकारीपाड़ा प्रखंड के बरमसिया आमबागान में जिला सचिव मोहन कुमार साह की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिलाध्यक्ष बलदेव राय ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में विकलांगों के लिए किसी नेता ने अपने घोषणापत्र में जिक्र नहीं किया है। उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल को होने वाले मतदान में किस पार्टी को समर्थन किया जायेगा इसका निर्णय 22 अप्रैल की बैठक में किया जायेगा। मोर्चा के संरक्षक छोटू भैया ने कहा कि विकलांगों के लिए एक आवासीय विद्यालय खोला जायेगा ताकि विकलांग बच्चे पढ़े-लिखे और आगे बढ़े। कार्यालय प्रभारी प्रियतम कुमार सिंह ने कहा कि विकलांगों को समस्याओं से निजात जल्द दिलाया जायेगा। बैठक को सलाहकार फारूख अंसारी ने भी संबोधित किया। प्रधान सोरेन, उत्तम मिर्धा, लखपति माल, सिरील मुर्मू, गोपीनाथ हेम्ब्रम, लखीराम किस्कू, मंसूर अंसारी, लुखीराम मरांडी, बाबूलाल टुडू, होपना टुडू, राम हेम्ब्रम, सुकोल सोरेन, मो. मारूफ अंसारी, माइकिल सोरेन, छविलाल मिर्धा सहित दर्जनों विकलांग उपस्थित थे।