मुख्यमंत्री ने मोहन की पत्नी को दिया एक लाख का चेक, रैली के दौरान बाइक की चपेट में आने से हुई थी मौत Dhanbad News
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झरिया के अंचल अधिकारी राजेश कुमार ने गुरुवार को मोहन की पत्नी उषा देवी को एक लाख रुपये का चेक दिया। साथ ही हर संभव मदद की आश्वासन भी दिया।
धनबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के तहत मोहन साव की पत्नी उषा देवी को एक लाख रुपये का चेक दिया गया। बुधवार को धनसार के पास एक बाइक की चपेट में आने से चौथाई कुल्ही, झरिया निवासी मोहन साव की मृत्यु हो गई थी। इसपर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने तत्काल मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मोहन की पत्नी को सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झरिया के अंचल अधिकारी राजेश कुमार ने गुरुवार को मोहन की पत्नी उषा देवी को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की झरिया शाखा पर एक लाख रुपये का चेक दिया। साथ ही आगे भी हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
बच्चे कर रहे अपने पिता का इंतजार
बता दें कि मोहन साव सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री है। वह घर में अकेला कमाने वाला था। इधर, मृतक मोहन के बच्चे अपने पिता का इंतजार कर रहे हैं, अब उन्हें कौन समझाए की उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। यह बताते हुए परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। घटना की सूचना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा है।
घटना में बाइक सवार भी घायल
बता दें कि मोहन साव को धनसार पेट्रोल पंप के पास सीएम की बाइक रैली में शामिल एक बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौकै पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में बाइक सवार भी घायल हो गया। धनसार पुलिस ने बाइक को कब्जे जब्त कर लिया है।