महिलाओं ने भरी हुंकार, शराबबंदी लागू करे सरकार
तेतुलमारी : शराबबंदी की मांग को लेकर छोटानगरी पंचायत के आदिवासी बहुल गांव की महिलाओं ने जुलूस निकालक
तेतुलमारी : शराबबंदी की मांग को लेकर छोटानगरी पंचायत के आदिवासी बहुल गांव की महिलाओं ने जुलूस निकालकर थानेदार को ज्ञापन सौंपा। हाथ में झाड़ू लिए काफी संख्या में महिलाएं बीच टोला, मांझी टोला तथा ऊपर टोला का भ्रमण करते हुए पियक्कड़ों को चेतावनी दी। जुलूस की शक्ल में तेतुलमारी थाना पहुंची और प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि सरकार को शराबबंदी कानून बनाकर लागू कर देनी चाहिए। प्रभारी थानेदार सुनील कुमार को ज्ञापन सौंपकर धंधेबाजों पर कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं का कहना था कि तिलाटांड़ गांव में तीन टोले हैं। हजारों की संख्या में लोग रहते हैं। कुछ लोग गांव में ही रहकर शराब बनाते और बेचते हैं। सड़े हुए महुआ की बदबू से पूरा गांव त्राहिमाम करता है। आए दिन लोग बीमार पड़ रहे हैं। कुछ लोग शराब की सेवन से काल के गाल में समा चुके हैं। यहां के लोगों को बेटा बेटी की शादी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अच्छे घराने के लोग रिश्ता जोड़ने से परहेज करते हैं। लोग यही कहकर चले जाते हैं कि इस गांव में शराब निर्माण किया जाता है यहां के लोग जरूर शराबी होंगे। विद्यालय में पढ़नेवाले बच्चों पर भी बुरा असर पड़ता है। ग्रामीण महिलाओं ने यह भी कहा कि चार वर्ष पहले पूर्व मुखिया नरेश महतो के नेतृत्व में शराब बंदी को लेकर आंदोलन किया गया था। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जावा महुआ की भट्ठियों को तोड़ दिया था। इसके बाद कुछ दिनों तक शराब बनाने का धंधा रुक गया था। आज फिर यह स्थिति हो गई है कि पहले से अधिक लोग इस धंधे में लग गए हैं। महिलाओं ने एक दर्जन से अधिक शराब निर्माण कार्य में लगे लोगों का नाम भी पुलिस को गिनाया है। आंदोलनकारियों का नेतृत्व झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष रतिलाल टुडू व पूर्व मुखिया नरेश महतो कर रहे थे। संगीता टुडू, धनेश्वर महतो, पप्पू महतो, देवनारायण महतो, अनिता देवी, यशोदा देवी, टिकिया देवी, परणी देवी, मुनिया देवी, बिजली देवी, रीता देवी, नीमा देवी, मीना देवी, बसंती देवी आदि शामिल थीं।