नीरज हत्याकांड में भभुआ में धराया रंजय का भाई संजय
धनबाद : धनबाद के सरायढेला थानान्तर्गत स्टील गेट में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत
धनबाद : धनबाद के सरायढेला थानान्तर्गत स्टील गेट में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में सीआइडी और जिला पुलिस ने रविवार को बिहार के भभुआ से संजय सिंह को हिरासत में लिया है। उसे धनबाद लाकर पूछताछ की जा रही है। सोमवार की शाम को यह जानकारी सीआइडी के एडीजी अजय कुमार सिंह ने यहां दी। संजय वहीं है जिसके भाई रंजय सिंह 29 जनवरी को सरायढेला क्षेत्र में ही बिग बाजार के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रंजय विधायक संजीव सिंह का करीबी था।
एडीजी के अनुसार नीरज हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल शूटरों को उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों में ढूंढ़ा जा रहा है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब तक अनुसंधान के सिलसिले में तीन नामजद के अलावा तीन अन्य से पूछताछ की जा रही है। नामजद में महंत पांडेय, गया सिंह व जैनेन्द्र सिंह उर्फ पिंटू सिंह शामिल हैं। अन्य तीन में धनंजय सिंह, चुन्नू पटेल व संजय सिंह शामिल हैं। पूछताछ में अभी तक कोई विशेष जानकारी नहीं मिल पायी है। यहां उल्लेखनीय है कि ये सभी छह व्यक्ति विधायक संजीव सिंह के करीबी हैं।
एडीजी ने बताया कि संजय को भभुआ कैमूर से हिरासत में लिया गया है। नीरज हत्याकांड का वह नामजद नहीं है पर इसी कांड के अनुसंधान के सिलसिले में उसे हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में संजय से पता किया जाएगा कि नीरज हत्याकांड में उसकी क्या भूमिका रही है। एक सवाल पर एडीजी ने बताया कि रंजय सिंह व नीरज सिंह हत्याकांड की जांच साथ-साथ चल रही है।
मनीष से भी होगी पूछताछ : एडीजी ने बताया कि नीरज हत्याकांड में नामजद विधायक संजीव सिंह के भाई मनीष से भी पूछताछ होगी। जबकि अन्य नामजदों में महंत पांडेय व गया सिंह से पूछताछ पुलिस पहले से कर रही है। एक अन्य नामजद सह विधायक संजीव सिंह से अभी पूछताछ की स्थिति नहीं बनी है।
स्केच लेकर यूपी में शूटरों को ढूंढ रही पुलिस :
एडीजी ने बताया कि एसआइटी यूपी के विभिन्न जिलों में शूटरों का स्केच लेकर उन्हें ढूंढ रही है। उनकी पहचान कराने में पुलिस वहां जुटी हुई है। स्केच से पुलिस को मदद मिली है। सिवान गयी टीम को कुछ सफलता हाथ नहीं लगी है। कुसुम विहार में किराए पर कमरा लेकर ठहरे चार संदिग्ध की संलिप्तता नीरज हत्याकांड में है। वे शूटर भी हो सकते हैं। उनका स्केच शीघ्र जारी किया जाएगा।
--
शशि सिंह भी जांच के दायरे में : एडीजी सिंह ने बताया कि सुरेश सिंह हत्याकांड को लेकर फरार शशि सिंह के भी जांच के दायरे में आने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। ऐसे भी वह फरार है। नीरज हत्याकांड में संलिप्तता से संबंधित हर संभावना पर जांच चल रही है।
समस्तीपुर में नहीं मिला मुन्ना : शूटरों को कुसुम विहार में किराए पर कमरा दिलाने वाले मुन्ना सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। एडीजी ने कहा कि मुन्ना को ढूंढने पुलिस समस्तीपुर गयी है पर वहां कुछ सफलता हाथ नहीं लगी।
स्कार्पियो जब्त नहीं : एडीजी ने बताया कि हत्याकांड में नामजद गया सिंह से पूछताछ हो रही है पर पुलिस उसके स्कार्पियो को जब्त नहीं किया है। उसके वाहन के बारे में कुछ भी पता नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अनुसंधान में सीआइडी व पुलिस न तो किसी का बचाव कर रही है और न किसी के दबाव में है।