नीरज हत्याकांड के शूटरों व बुलानेवाले की पहचान : एडीजी
जागरण संवाददाता, धनबाद : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में शामिल शूटर
जागरण संवाददाता, धनबाद : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में शामिल शूटरों व उसको बुलाने वाले की पहचान कर ली गयी है। शूटरों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीम झारखंड, बिहार व यूपी गयी है। अनुसंधान प्रगति पर है। शीघ्र ही शूटर से साजिशकर्ता तक पुलिस की पहुंच होगी। यह दावा नीरज हत्याकांड के छठे दिन सीआइडी के एडीजी अजय कुमार सिंह ने यहां किया।
पत्रकारों के सवालों पर एडीजी ने बताया कि शूटरों को बुलानेवाला कौन है, उसकी पहचान की दिशा में अभी कुछ भी संकेत नहीं दे सकते। शूटर व उसको बुलाने वाले किस राज्य के हैं इसकी भी जानकारी नहीं देंगे। हालांकि इनकी पहचान कर लेने का दावा उन्होंने जरुर किया।
पांच और हिरासत में लिए गए : एडीजी ने बताया कि रविवार को धनबाद व झरिया से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसआइटी सबों से पूछताछ कर रही है। धनबाद से पकड़े गए लोगों में चुन्नू पटेल व धनजी सिंह हैं। एक अन्य सवाल पर एडीजी ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोग विधायक संजीव के करीबी हैं या नहीं, यह नहीं कह सकते पर जनता मजदूर संघ के एक गुट से जुड़े हैं।
रंजय के भाई की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी :
नीरज सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए अब पुलिस दिवंगत रंजय सिंह के भाई संजय सिंह की तलाश में पसीना बहा रही है। एडीजी ने बताया कि संजय सिंह की तलाश की जा रही है। उसे पूछताछ को हिरासत में लेने के लिए कई जगह छापेमारी की गयी है। क्या पुलिस की नजर में वह फरार है? इस पर एडीजी ने कहा कि वह हत्याकांड में नामजद नहीं है पर पुलिस उसे ढूंढ रही है। सनद रहे कि 29 जनवरी को चाणक्य नगर के मुख्य गेट के सामने विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या हो गयी थी। एसआइटी फिलहाल नीरज हत्याकांड की जांच की कड़ी रंजय सिंह हत्या से जोड़ रही है।
नामजद पिंटू सिंह की भी तलाश : एडीजी सिंह ने बताया कि नीरज सिंह हत्याकांड में नामजद जैनेंद्र उर्फ पिंटू सिंह को पुलिस ढूंढ रही है। उसके कई ठिकानों पर छापेमारी की गयी है। पुलिस की पकड़ में वह नहीं आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का अनुसंधान तथ्यों के आधार पर सही दिशा में बढ़ रहा है। कुसुम विहार में संदिग्ध शूटरों को मुन्ना नामक व्यक्ति ने किराए का मकान दिलाया था। पुलिस उसे भी ढूंढ रही है।
--
महंत व गया गिरफ्तार नहीं : एडीजी ने बताया कि नीरज सिंह हत्याकांड में पूछताछ के लिए महंत पांडेय व गया सिंह को पुलिस हिरासत में रखा है पर उसे गिरफ्तार नहीं कहा जा सकता है। दोनों से पूछताछ अभी भी जारी है।
--
सिवान, बलिया, हजारीबाग में टीम : एडीजी सिंह ने बताया कि हत्याकांड में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए यूपी के बलिया, बिहार के सिवान व झारखंड के हजारीबाग एसआइटी की विंग गयी है। हजारीबाग जेल में बंद रामधीर सिंह से पूछताछ की स्थिति अभी नहीं बनी है। हजारीबाग जो टीम भेजी गयी है वह रामधीर से पूछताछ के लिए नहीं बल्कि इसी कांड में दूसरे काम के लिए गयी है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में नामजद सह विधायक संजीव सिंह से अभी पूछताछ नहीं हुई है और न अभी कोई ऐसी स्थिति बनी है।
--