मांस का कारोबार बंद करे मोदी सरकार : गोविंदाचार्य
धनबाद : राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक चिंतक भाजपा के पूर्व महासचिव केएन गोविंदाचार्य ने केंद्र की नरें
धनबाद : राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक चिंतक भाजपा के पूर्व महासचिव केएन गोविंदाचार्य ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से मांस का कारोबार बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के समय मांस का कारोबार (पिंक रिवोल्यूशन) का मुद्दा जोर-शोर से उठाया है। उनके कार्यकाल में मांस का निर्यात बंद होने के बजाय और बढ़ रहा है। गोवंश की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री मांस का निर्यात बंद करने को तुरंत कदम उठाएं।
गोविंदाचार्य ने कहा कि देश से बीफ के नाम पर मांस का निर्यात तुरंत बंद होना चाहिए। इससे गौवंश और भैंसवंश समाप्ति की ओर जा रहा है। कृषि आधारित देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है। उन्होंने बताया कि भारत में सवा अरब लोग रहते हैं। 6 करोड़ गौ वंश और 7 करोड़ भैंस वंश रह गया है। जिनमें चार करोड़ दुधारू पशुएं हैं। गौवंश और भैंस वंश पर खतरे के कारण आज औसत प्रति व्यक्ति 125 ग्राम दूध ही उपलब्ध हैं। 125 ग्राम में ही दही, घी, चॉकलेट आदि शामिल हैं। दूध नहीं उपलब्ध होने के कारण देश में 50 प्रतिशत बच्चे कुपोषण के शिकार हैं।
गोविंदाचार्य ने बताया कि मांस निर्यात से भारत को सालाना 30 हजार करोड़ का राजस्व प्राप्त होता है। इसमें चमड़ा का कारोबार भी शामिल है। भारत सरकार को मांस निर्यात से प्राप्त राजस्व का लोभ छोड़ निर्यात बंद करने का निर्णय लेना चाहिए।
गोवंश की रक्षा के लिए गोविंदाचार्य ने जलीकट्टू की तर्ज पर जनआंदोलन की वकालत की। कहा, लोकतंत्र में जनता निर्णायक होती है। जलीकट्टू पर जनता की जीत ने साबित कर दिया है। देश का संत समाज गौवंश की हत्या रोकने के लिए संकल्पित है। पिछले साल 7 नवंबर 16 को नई दिल्ली में प्रदर्शन कर सरकार को मांग पत्र सौंपी जा चुकी है। 28, 29 और 30 जनवरी को इलाहाबाद में संगम के तट पर संत देशभर के संत और गऊ भक्तों की सम्मेलन होने जा रही है। इसके बाद 1 मार्च से भारतीय गऊ सेवा संकल्प समिति के बैनर तले राष्ट्रव्यापी यात्रा शुरू की जाएगी। बिहार, बंगाल, ओडिशा होते हुए अगले साल 2018 में वृंदावन में यात्रा का समापन होगा। केंद्र ने मांगें नहीं मानी तो जनता को एकत्र कर निर्णायक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
रविवार को दुहाटांड में 'नया सवेरा परिवार' नामक सामाजिक संगठन के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद गोविंदाचार्य से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर पवन श्रीवास्तव, दिगंत पथ के शैलेंद्रजी, गायत्री परिवार के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी केपी सिंह, जिला संयोजक विभूति शरण सिंह, रामस्वरूप प्रजापित, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश लाटा, नवेंद्र मंडल, सुनील कुमार राय, एके मैथी आदि उपस्थित थे।