धनबाद में खोला जाय एलआइसी का मंडलीय कार्यालय
धनबाद : वित्त मंत्री भारत सरकार से सांसद पीएन सिंह ने धनबाद में जीवन बीमा निगम का मंडलीय कार्यालय खो
धनबाद : वित्त मंत्री भारत सरकार से सांसद पीएन सिंह ने धनबाद में जीवन बीमा निगम का मंडलीय कार्यालय खोलने की मांग की है। लोकसभा में नियम 377 के तहत चर्चा में भाग लेते हुए सांसद ने कहा कि वर्ष 1986 में भारतीय जीवन बीमा निगम का प्रमंडलीय कार्यालय धनबाद में केंद्र सरकार द्वारा खोला जाना था। परंतु उस समय के तत्कालीन मुख्यमंत्री की तरफ से सहमति न मिल पाने के कारण यह मंडलीय कार्यालय धनबाद में न खुलकर भागलपुर में स्थापित कर दिया गया था। पुन: वर्ष 1991 में धनबाद को फिर मौका प्राप्त हुआ। परंतु किन्हीं कारणों के चलते भारतीय जीवन बीमा निगम के मंडलीय कार्यालय को हजारीबाग में स्थापित कर दिया गया। धनबाद एक सर्वगुण संपन्न होने के बावजूद आज तक मंडलीय कार्यालय नहीं खोला गया है। धनबाद कार्यालय के लिए सभी शर्तो का पूरा करता है। हजारीबाग मंडल की 18 शाखाओं में 13 शाखाएं धनबाद तथा धनबाद के आसपास है। हजारीबाग धनबाद से 130 किलोमीटर की दूरी पर है। जिसके कारण कर्मचारी, अभिकर्ता और पालिसीधारक को कई दिक्कतें होती है। धनबाद के विकास के लिए बीसीसीएल का मुख्यालय, बैंकों का क्षेत्रीय कार्यालय, विज्ञान अनुसंधान यूनिट तथा आइएसएम जिसको अभी हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा आइआइटी का दर्जा प्राप्त हुआ है, साथ ही भारतीय जीवन बीमा निगम का एक हाउसिंग फाइनेंस लि. क्षेत्रीय कार्यालय जैसे संस्थान तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय वर्तमान में संचालित हो रहे हैं। सांसद ने सदन के माध्यम से मांग की है कि धनबाद में भी भारतीय जीवन बीमा का मंडलीय कार्यालय खोले जाने की अनुमति दी जाय। जिससे धनबाद लोकसभा की जनता के साथ-साथ आस-पास के अन्य कई जिलों की जनता को भी लाभान्वित किया जा सके तथा धनबाद के विकास में सहायक सिद्ध हो सके।