डोभा निर्माण में कोताही पर तीन बीडीओ का रुकेगा वेतन
जागरण संवाददाता, धनबाद : डोभा निर्माण में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध राज्य की मुख्य
जागरण संवाददाता, धनबाद : डोभा निर्माण में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध राज्य की मुख्य सचिव राजबाला वर्मा तल्ख तेवर अख्तियार कर लिया है। उन्होंने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से डोभा निर्माण की समीक्षा की समीक्षा की। इस दौरान खराब प्रदर्शन के कारण खूंटी के डीडीसी समेत राज्य के 17 बीडीओ के खिलाफ प्रपत्र क भरने का निर्देश दिया। खराब प्रदर्शन करने वाले धनबाद, बलियापुर और एग्यारकुंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी भी निशाने पर हैं।
मुख्य सचिव ने धनबाद समेत सभी जिलों के उप विकास आयुक्तों से कहा कि डोभा निर्माण के नाम पर सिर्फ गढ्डा खुदाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र से अधिकारी डोभा निर्माण का जायजा लेने आएंगे। इसलिए डोभा निर्माण में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। धनबाद के उप विकास आयुक्त अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 6195 डोभा का निर्माण किया जाना है। करीब 5 हजार डोभा निर्माण का काम शुरू हो गया है। 15 जून तक लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। मुख्य सचिव ने प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन न्यूनतम 50 मानव दिवस सृजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो रोजगार सेवक 50 दिन मानव दिवस सृजित नहीं करते हैं उन्हें कार्य मुक्त कर दिया जाय। इस कसौटी पर खरा न उतरने वाले करीब 100 रोजगार सेवकों को कार्यमुक्त करने का मुख्य सचिव ने निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले के धनबाद, बलियापुर और एग्यारकुंड प्रखंड में डोभा निर्माण की प्रगति संतोषजनक नहीं है। तीनों बीडीओ का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। संतोषजनक जवाब न होने पर कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को लिखा जाएगा।