पार्षद ने सुनाया जलसंकट का दर्द
झरिया, लोदना : वार्ड नंबर 47 लोदना में पीने के पानी का संकट गहराता जा रहा है। पूर्व में पानी भरने
झरिया, लोदना : वार्ड नंबर 47 लोदना में पीने के पानी का संकट गहराता जा रहा है। पूर्व में पानी भरने के विवाद के कारण लोदना बाजार में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। पानी का पाइप में दबाव कम होने से लोदना क्षेत्र के कई मुहल्लों में पानी नहीं पहुंच रहा है। यहां एक दिन छोड़ कर पानी की आपूर्ति हो रही है। पार्षद संजय यादव ने बुधवार को माडा एसडीओ व एरिया नौ महाप्रबंधक से भेंट कर समस्या से अवगत कराया। पार्षद ने बताया कि यहां लगभग बीस हजार की आबादी है। इसके बावजूद बीस से तीस नल ही हैं। पानी का पाइप कई वर्ष पहले बिछाया गया है। जो काफी जर्जर है। खपड़ा धौड़ा, हाड़ी पट्टी, श्रमिक कल्याण समेत कई मुहल्लों में नल में पानी नहीं आता है। शिव मंदिर, केशव नगर , लोदना चार नंबर, तिलाईबनी बस्ती में नल ही नहीं लगा है। मोहरीबांध के समीप कई जगहों पर पाइप टूट गया है। इस कारण गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। सांसद की अनुशंसा के बावजूद झरिया से बागडिगी तक पाइप नहीं बिछाया जा रहा है। नया पाइप बिछाने की बात एसडीओ से कही तो उनका कहना था कि पानी के बिल भुगतान कौन करेगा। बीसीसीएल की ओर बिल भुगतान नहीं करने का पत्र जारी किया गया है। पार्षद ने कहा कि आप पीने का पानी दें 12 लोगों का समूह बना कर बिल दिलवाने की व्यवस्था होगी। इधर एरिया नौ के जीएम ने समस्या से अवगत होकर तुरंत एरिया सिविल अभियंता को पार्षद के साथ निरीक्षण को भेजा। निरीक्षण में 750 मीटर पाइप खराब पाया गया। वार्ता में बिहारीलाल चौहान, प्रेमप्रकाश पासवान समेत कई अन्य लोग थे।