राजगंज से गांजा व नकली नोट बरामद
संसू,राजगंज : महतोटांड़ क्षेत्र में जीटी रोड से पुलिस ने हुंडई कंपनी की एक कार जब्त की। उसमें से 20 क
संसू,राजगंज : महतोटांड़ क्षेत्र में जीटी रोड से पुलिस ने हुंडई कंपनी की एक कार जब्त की। उसमें से 20 किलोग्राम गांजा और 58 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए। वाहन में सवार दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके नाम जतन सिंह (हरियाणा निवासी) और महेंद्र सिंह (फरिदाबाद निवासी) बताए गए हैं। ये नशीले पदार्थ की तस्करी और नकली नोट का संचालन करनेवाले अंतरप्रांतीय गिरोह सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन, एक्सिस बैंक का चेकबुक और दो चिलम बरामद किया है। डीएसपी मजरूल होदा के नेतृत्व गठित टीम ने छापेमारी की थी। इसमें इंस्पेक्टर भगवान दास, राजगंज थानेदार संतोष कुमार रजक, एएसआइ धनंजय सिंह, चालक बनर्जी शामिल थे।
डीएसपी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे पुलिस टीम जीटी रोड पर थी। कार पहचान में आने के बाद रोकने के लिए इशारा किया गया। पुलिस को देख कार की गति और तेज हो गई। टीम ने पीछा करते हुए महतोटांड़ के पास कार को पकड़ा। कार की डिक्की खोलने पर उसमें चार बंडल मिले, जिसमें गांजा भरा था। कार की अगली सीट के नीचे से एक छोटा बंडल, नकली नोट, चिलम और चेकबुक बरामद हुआ। जब्त गांजा की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी जा रही है। कार जतन सिंह के नाम से पंजीकृत है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि नकली नोट और गांजा उन्होंने पश्चिम बंगाल निवासी आदित्य नामक एक व्यक्ति से लिया था। यह भी बताया कि यहां ढाई से तीन हजार रुपये किलोग्राम के भाव में गांजा मिलता है। इसे वे हरियाणा में चार गुना अधिक कीमत पर बेचते हैं।
डीएसीपी ने बताया कि ओड़िशा के अंगुल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजा की खेती की जाती है। वहां से दूसरे राज्य में गांजा भेजा जाता है। ट्रक से गांजा सीमा तक लाया जाता है। बड़े गिरोह के सदस्य दूसरे प्रदेश से आए तस्करों को गंतव्य स्थान पर बुलाकर गांजा की सप्लाई करते हैं। तस्करी में लग्जरी कार का इस्तेमाल करते हैं।