जयरामपुर : थम नहीं रहा डायरिया का कहर
संवाद सहयोगी, अलकडीहा, झरिया : जयरामपुर बीआर कंपनी के भुइयां पट्टी में डायरिया का कहर थामे नहीं थम र
संवाद सहयोगी, अलकडीहा, झरिया : जयरामपुर बीआर कंपनी के भुइयां पट्टी में डायरिया का कहर थामे नहीं थम रहा है। शुक्रवार को भुइयां पट्टी में सात नये मरीज और मिले हैं। जबकि गुरुवार को भी एक दर्जन में डायरिया की शिकायत मिली थी। हालांकि स्वास्थ्य टीम ने क्षेत्र में पहुंच दवा का वितरण किया है और नगर निगम की ओर से सफाई भी शुरू की गई है। बावजूद ग्रामीणों में इस बात की नाराजगी है कि सफाई जैसे मुद्दे पर नगर निगम की नींद तब क्यों खुली जब क्षेत्र में डायरिया फैलने लगा है।
क्षेत्र के उमाकांत रजक, देवकी देवी, विकास भुईयां, करनी देवी, काजल कुमारी, प्रतिमा देवी व अजीत में भी डायरिया के लक्षण मिले हैं। पार्षद मालो देवी ने भुईयां पट्टी में कै-दस्त की बीमारी फैलने के लिए नगर निगम को जिम्मेवार ठहराया है। क्षेत्र की नियमित सफाई के लिए कई बार नगर निगम के पदाधिकारियों को कहा पर कोई गंभीर नहीं हुआ। शुक्रवार को भुईयां पट्टी में कै-दस्त की बीमारी फैलने की जानकारी पाकर बीसीसीएल जियलगोरा अस्पताल व चासनाला राजकीय स्वास्थ्य केंद्र की टीम भी पहुंची। जियलगोरा अस्पताल से डॉ. पीके महतो के नेतृत्व में लाल मोहन रवानी, अरुण कुमार, एमएस अंसारी ने क्षेत्र का दौरा कर बीमारी से बचने के उपाय बता दवा वितरण किया। देवकी देवी को जियलगोरा अस्पताल में भर्ती कराया है। चासनाला स्वास्थ्य केंद्र की अर्चना बनर्जी, इंदू कुमारी, शांति प्रिया ने क्षेत्र का दौरा कर दवा बांटी। ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। डायरिया पीडि़त उमाकांत की स्थिति ठीक न होने पर उसे अस्पताल इलाज को ले गए। मालूम हो जयरामपुर में अधिकांश मांस व नाश्ते की दुकानों के आसपास गंदगी का ढेर है। इन दुकानों की खाद्य सामग्री भी बीमारी को आमंत्रण दे रही है।
..
नगर निगम ने चलाया सफाई अभियान
अलकडीहा : भुइयां पट्टी में डायरिया फैलने के बाद नगर निगम सिंदरी अंचल के अधिकारी जागे। निगम की ओर से एक ट्रैक्टर व आठ सफाई कर्मियों से सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारी मनोज ने कहा कि निगम में संसाधन की कमी है। मुहर्रम भी नजदीक है। कम संसाधन के बाद भी सफाई में जुटे हैं। शनिवार को पूरी टीम के साथ क्षेत्र का दौरा करेंगे।
..
झाविमो करेगा पार्षद का घेराव
अलकडीहा : झाविमो नेता मुन्नीलाल राम व विनोद पासवान ने बस्ती का दौरा कर कहा कि पार्षद मालो देवी क्षेत्र में सफाई के प्रति गंभीर नहीं है। खाद का पानी पीने को लोग विवश है। शनिवार को पार्षद का घेराव किया जाएगा। दशरथ पासवान, रामनाथ गोप, भुवन गोप, नंदू यादव थे।