भाजपा टिकट के लिए सांसद को साधने में जुटे आइजी
जागरण संवाददाता, धनबाद : स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन स्वीकृत होने के बाद आइजी लक्ष्मण प्रसाद सिं
जागरण संवाददाता, धनबाद : स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन स्वीकृत होने के बाद आइजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह धनबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट प्राप्त करने के लिए सांसद पीएन सिंह को साधने में जुट गए हैं। इस कवायद में मंगलवार को आइजी धनसार स्थित सांसद सिंह के आवास पर पहुंचे। और बंद कमरे में सांसद और आइजी ने करीब डेढ़ घंटे तक राजनीतिक गुफ्तगू की।
सूत्रों के अनुसार आइजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह दीपावली के बाद भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। भाजपा में सिंह के पैरवीकार प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा बताए जाते हैं। दोनों की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद सिंह भाजपा में शामिल होने की तैयारी में जुट गए हैं। राय और मुंडा ने लक्ष्मण सिंह को निर्देश दिया है कि वह धनबाद के सांसद पीएन सिंह मैनेज करें। इसी सिलसिले में आइजी मंगलवार को दोपहर सांसद के घर पहुंचे। फिर दोनों के बीज बंद कमरे में डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। सांसद पीएन सिंह का मोबाइल बंद रहने के कारण बातचीत का ब्यौरा नहीं मिल सका। जबकि आइजी ने बातचीत का ब्यौरा देने से इंकार कर दिया। सिर्फ बातचीत होने की पुष्टि की।
सूत्रों ने बताया कि आइजी ने सांसद से कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हीं के नेतृत्व में धनबाद में काम करेंगे। आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। टिकट मिला तो धनबाद सीट को भाजपा की झोली में डाल देंगे। सांसद ने आइजी को आश्वस्त किया कि वह उनके भाजपा में शामिल होने के विरोधी नहीं हैं। भाजपा में शामिल होने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है।