अमेरिकन गांधी बर्नी मेयर देंगे शांति का संदेश
जागरण संवाददाता, धनबाद : महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर चलते हुए अमेरिकन गांधी के नाम से मशहूर बर्नी मेयर बुधवार को धनबाद पहुंच रहे हैं। वे यहां कोयला नगर स्थित बीसीसीएल के सामुदायिक भवन में व्याख्यान देंगे। कार्यक्रम के आयोजक निर्माता-निर्देशक पिंटू दुर्रानी ने बताया कि बुधवार को दोपहर तीन से सायं सात बजे तक अमेरिकन गांधी का व्याख्यान होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीसीसीएल के वरीय अधिकारी विजय कुमार सिन्हा का भी विशेष योगदान है।
कौन हैं अमेरिकन गांधी : वाशिंगटन निवासी 75 वर्षीय बर्नी मेयर अमेरिकन गाधी के नाम से जाने जाते हैं। पहले कैथलिक चर्च में प्रीस्ट थे। पिछले कुछ वर्षो से पूरी तरह से सामाजिक कार्यो में मशगूल हैं। 1966 में वियतनाम युद्ध के दौरान परमाणु हथियार का प्रयोग न करने के लिए शांति मुहिम में हिस्सा लिया। 2002 में दोस्तों के कहने पर पहली बार महात्मा गाधी की वेशभूषा में नजर आए। शांति का संदेश देने 2005 में पहली बार भारत आए। पिछले पांच साल में सात बार भारत आ चुके हैं। 2007 में ग्लासगो से लंदन तक 700 किलोमीटर की पदयात्रा की, दुनिया को परमाणु हथियार का इस्तेमाल न करने का संदेश दिया। गांधी बनने के पीछे मकसद है, लोगों तक महात्मा की शिक्षा पहुंचाना, शांति का संदेश देना।