जर्जर पुटकी-भागाबांध सड़क को ले भूख हड़ताल पर बैठे राज
जागरण संवाददाता, धनबाद : पुटकी-भागाबांध-भौंरा सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राज सिन्हा मिश्रित भवन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि पुटकी भागाबांध सड़क की दुर्दशा के सिलसिले में सांसद पीएन सिंह के नेतृत्व में पूर्व के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से मिले थे। उन्होंने तुरंत निर्माण को स्वीकृति दे दी। उसके बाद सांसद पीएन सिंह व झरिया विधायक कुंती देवी ने पुटकी भागाबांध सड़क का शिलान्यास किया, लेकिन हेमंत सरकार आने के बाद अधिकारी बेलगाम हो गए। सरकार को विकास से कोई मतलब नहीं है। इस पथ के निर्माण के सिलसिले में कई बार पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मुलाकात की। बावजूद इसके किसी के कान पर जू नहीं रेंगी। इस सड़क की स्थिति बहुत खराब है। जनता के हितों के लिए भूखे जान देना अच्छा है। हितों की अनदेखी बर्दास्त नहीं की जाएगी। मौके पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजकुमार अग्रवाल, चंद्रशेखर सिंह, संजय झा, रवि सिन्हा, दीप नारायण सिंह, रामदेव महतो, मनोज सिंह, उमेश यादव, अमरजीत कुमार, मिल्टन पार्थ सारथी, चंद्रशेखर मुन्ना, श्यामल राहा, निर्मल प्रधान, उषा झा, शिवली बनर्जी, स्वरुप भट्टाचार्य, राम प्रसाद महतो, पंकज सिन्हा, रिंकू सिन्हा, पप्पू साव, संजय कुशवाहा आदि उपस्थित थे।