बधाई मांगने नहीं वोट के लिए प्रार्थना करने आए हैं
भौंरा : कुदरत ने हमारे साथ मजाक किया है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हमें तीसरे जेंडर की श्रेणी में रख दिया है। अपना लोकतंत्र पूरी दुनिया में बेहतरीन है। आप भी देश की तकदीर व तस्वीर बदलने व लोकतंत्र की मजबूती को मतदान जरूर करें। अच्छे प्रत्याशी का चुनाव करें। तभी देश का विकास हो सकता है। उक्त बात झारखंड प्रदेश किन्नर समाज की अध्यक्ष छमछम देवी ने मंगलवार को भौंरा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर कही।
किन्नरों ने बैनर के साथ पैदल भौंरा के कई घरों में दस्तक दी। लोगों को पहले मतदान फिर काम का नारा दिया। कहा कि किसी से डरने की जरूरत नहीं है। निर्भीक होकर मतदान करें। अपने विवेक से वैसे प्रत्याशी को चुनें जो आपके सुखदुख में शरीक हो। आपके मत पर आपका अधिकार है। काजल, कमली, बंशी, कंचन आदि थे। किन्नर समाज के लोग अभियान के तहत कालीचरण यादव, रंजय कुमार, चंदेश्वर सिंह समेत अनेक लोगों के यहां गए।