अशोक ने नहीं छोड़ी पार्टी, करेंगे प्रचार : पीएन
संस, निरसा : धनबाद लोस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह को भरोसा है कि पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मंडल की शिकायतें शीघ्र दूर कर दी जाएंगी और वह पार्टी के लिए चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे। शनिवार को निरसा विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे पीएन सिंह ने यहां पत्रकारों से यह बात कही।
उन्होंने कहा कि अशोक मंडल ने भाजपा से इस्तीफा नहीं दिया है। कुछ शिकायतें है। उसका मिल बैठकर समाधान कर लिया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस प्रयास में लगे हैं। आशा है मामले का बहुत जल्द समाधान निकल जाएगा और वे जल्द भाजपा के लिए काम शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता में भी भाजपा को जिताने के लिए गजब का उत्साह है। लोग कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति के लिए भाजपा को पूर्ण बहुमत में सरकार बनाने के लिए जनादेश देंगे।
भाजपा की सरकार बनी तो एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाया जाएगा। देश से गरीबी, महंगाई दूर होगी। भ्रष्टाचारी जेल में होंगे। विदेशों में जमा काला धन वापस लाया जाएगा। सांसद ने तेतुलिया, रामकनाली, देवियाना, जोराडीह, कोड़ाडंगाल, घाघरा, बेनागोड़िया, गुंडवा, भागाबांध, सिजुआ, सिरपुरिया, उपचुरिया, जसपुर आदि गांवों का दौरा किया।
मौके पर गणेश मिश्रा, बादल गोस्वामी, डीएन पाठक, संजय सिंह, राजू झा, प्रदीप अग्रवाल, कमल रवानी, संजय महतो, सज्जाद अंसारी, शरद रविदास, किशन रविदास, विजय रविदास आदि मौजूद थे।