सूबे के सभी मदरसों में होगा ध्वजारोहण : राजपलिवार
देवघर : केके स्टेडियम में आयोजित राजकीय समरोह में सूबे के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री
देवघर : केके स्टेडियम में आयोजित राजकीय समरोह में सूबे के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री राज पलिवार ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी। समारोह को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री ने कहा कि सूबे के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में प्रतिदिन वंदेमातरम् का गायन एवं सभी मदरसों में ध्वजारोहण का निर्णय सरकार लेगी। इस पर विचार किया जा रहा है। उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा राज्य के सभी मदरसों मे तिरंगा फहराने के फैसले का उन्होंने स्वागत किया। कहा कि सरकार इस स्वाधीनता दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मना रही है। 2022 में भारत कैसा हो, उस नए भारत को गढ़ने का संकल्प लिया है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के सपनों की चर्चा करते कहा कि आज अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ राज्य सरकार दे रही है। अंत्योदय योजना की सोच मुख्यमंत्री ने साकार किया है और एक तरफ पीटीआई डाकिया योजना से उनके घर पर प्रतिमाह 35 किलो अनाज पहुंच रहा है। दूसरी ओर पहाड़िया महिला बटालियन का गठन कर एक बेहतर कल का संकल्प दुहराया है। श्रावणी मेला की सफलता के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दिया। कहा कि आने वाले वर्षो में सुविधाएं बढ़ेगी।
सभी बीड़ी मजदूरों को मिलेगा आवास :
श्रम विभाग ने कहा कि मजदूरों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास जारी है। संप्रति 6 लाख संगठित एवं 5 लाख असंगठित मजदूर का निबंधन कराया गया है। बैंक खाता के माध्यम से उनको भुगतान किया जा रहा है। सरकार सभी बीड़ी मजदूरों को आवास देगी, उसका सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। एम्स जैसे संस्थान देवघर में स्थापित हो रहे हैं यह राज्य सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। 2018 तक सभी घर में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य सरकार ने रखा है। इससे पहले उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, एसपी ए विजयलक्ष्मी के साथ मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। शाम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने एक से बढ़कर एक गीत व नृत्य की प्रस्तुति कर लोगों का दिल जीत लिया।