भागलपुर सृजन घोटाला की सीबीआई जांच हो : फुरकान
देवघर : पूर्व सांसद सह कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने भागलपुर सृजन घोटाले की सीबीआइ जांच
देवघर : पूर्व सांसद सह कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने भागलपुर सृजन घोटाले की सीबीआइ जांच की मांग की है। बुधवार को देवघर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फुरकान ने कहा कि भारत सरकार व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे मामले की जांच सीबीआइ से करवाएं, ताकि घोटाले में शामिल सफेदपोशों का चेहरा सामने आ सके। कहा कि 900 करोड़ रुपये के इस घोटाले में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की भी संलिप्तता है। भागलपुर में निर्माणाधीन उनके मॉल में घोटाले का पैसा लगा है। कहा कि निशिकांत को जनता को यह बताना चाहिए कि इतने कम समय में उन्होंने 500 करोड़ का मॉल कैसे बना लिया। जनता ने उन्हें सेवा के लिए वोट दिया है न कि माल बनाने के लिए। वे जनता को झूठा सब्जबाग दिखाकर खुद पैसा बनाने में लगे हैं। विभागीय जांच के दायरे में उनका मॉल भी आ गया है। मौके पर कांग्रेस नेता जीवन प्रकाश, जिप सदस्य आलमगीर अंसारी, प्रो. अजीत साह, दुर्लभ मिश्रा आदि उपस्थित थे।
होल्डिंग टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि गलत :
इधर युवा कांग्रेस नेता सुग्गा नरौने ने नगर निगम द्वारा होल्डिंग टैक्स में की गई अप्रत्याशित वृद्धि को गलत बताते हुए वापस लेने की मांग की है। नरौने ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे विभागीय सचिव से मिले और बताया कि यहां रांची और धनबाद नगर निगम के तर्ज पर टैक्स तय किया गया है, जबकि प्रति व्यक्ति आय को ध्यान में रखते हुए निगम को टैक्स लगाना चाहिए। कहा कि सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि रांची जाकर विभागीय सचिव के सामने इस बात को रखेंगे।
झारखंड में सृजन से भी बड़ा घोटाला
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्नम संजय ने कहा कि झारखंड में सृजन घोटाले से भी बड़ा घोटाला हुआ है। यहां धान के उपज से ज्यादा धान की खरीदारी की बात सामने आ रही है। कहा कि चारा घोटाले की तर्ज पर स्कूटर और बाइक के नंबर पर धान ढोने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी विधायक इरफान अंसारी और बादल पत्रलेख से मामले को विधानसभा में उठाने की मांग करेंगे।