जन्माष्टमी को बाबा नगरी में हाई अलर्ट
देवघर : रविवार को भादो मेला का छठा दिन है और सोमवार को कृष्ण जन्माष्टमी भी है। जन्माष्ट
देवघर : रविवार को भादो मेला का छठा दिन है और सोमवार को कृष्ण जन्माष्टमी भी है। जन्माष्टमी को लेकर कांवरियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। पूरे कांवरिया पथ में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।जन्माष्टमी पर कांवरियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के ख्याल से हाई अलर्ट जारी किया है। जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कांवरिया पथ का दृश्य देखते ही बन रहा है। भादो महीना में सावन जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। सोमवार को भीड़ होने की संभावना है, क्योंकि बंगला संक्रांति के हिसाब से अभी सावन ही चल रहा है। मेला का 17 को समापन होगा।
सुबह से हीं स्पर्श पूजा एवं जलार्पण के लिए कांवरिया कतारबद्ध होते दिखे। सुबह 4:42 बजे मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इसके बाद देर शाम तक जलार्पण का सिलसिला चलता रहा। कांवरियों की कतार बीएड कालेज तक थी। इन्हें कतारबद्ध करने के लिए जिला प्रशासन के सुरक्षाकर्मी मंदिर परिसर से लेकर नेहरू पार्क व बीएड कॉलेज तक मुस्तैद दिखे। सावन की तरह अभी भी भक्त प्रवेश कार्ड लेकर हीं कतारबद्ध हो रहे हैं।
साथ ही सोमवार को जन्माष्टमी होने के वजह से बाजार में काफी चहल-पहल दिख रही है। भादो में कांवरियों की सेवा करने वाले शिविर तो नहीं होते हैं लेकिन रेडक्रास सोसायटी ही एकमात्र सेवा शिविर है जहां सुबह से लेकर दोपहर तक कांवरियों के बीच नींबू पानी निश्शुल्क दिया जा रहा है। सभी सदस्य सेवा भाव से दिन रात जुटे हैं।