दूसरी सोमवारी पर टूटा रिकार्ड, 3.25 लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक
मंदिर का कपाट बंद होने तक सवा दो लाख के करीब शिवभक्तों ने बाबा पर जलार्पण किया।
जेएनएन, देवघर/दुमका। श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबानगरी देवघर व दुमका के बासुकीनाथ धाम में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। इस बार पिछली सोमवारी का रिकार्ड टूट गया। देवघर में जहां 2.25 लाख तो बासुकीनाथ में एक लाख भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया।
पहली सोमवार को बैद्यनाथधाम में 90 हजार और बासुकीनाथ धाम में 65 हजार भक्तों ने महादेव को जलाभिषेक किया था। देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दरबार में रविवार रात से कांवरियों का कारवां सोमवार शाम तक अनवरत जारी रहा। तड़के मंदिर से दस किमी दूर कुमैठा तक कतार पहुंच गई थी।
भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी रात सड़क पर ही गुजार दी। मंदिर का कपाट बंद होने तक सवा दो लाख के करीब शिवभक्तों ने बाबा पर जलार्पण किया। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाह्य अरघा से भी जलार्पण किया गया। भगदड़ पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम कर रखा था।
यह भी पढ़ेंः पर्यावरण संरक्षण के लिए अनोखी पहलः पौधे लगाएंगे तो पाएंगे नंबर