मौसम ने ली करवट, पछुआ हवा के साथ आई शीतलहर
देवघर : पिछले 24 घंटे के दौरान बाबा नगरी के मौसम ने अचानक करवट ली है। पछुया हवाओं के साथ ही यहां का
देवघर : पिछले 24 घंटे के दौरान बाबा नगरी के मौसम ने अचानक करवट ली है। पछुया हवाओं के साथ ही यहां का तापमान तेजी से नीचे आ गया। शीतलहर ने यहां के लोगों को ठंड का एहसास कराया। आज यहां का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच गया। रात से हवा के चलने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह यहां के आसमान में घना कोहरा छाया हुआ था। धुंध का असर सुबह करीब 11 बजे तक बना हुआ था। इसके बाद जब धूप निकली तब लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। हालांकि धूप में वह गर्मी नहीं थी। कुछ ही घंटों में धूप का असर कम हो गया और फिर से ठंड बढ़ने लगा। शाम होते-होते लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। लोग दिन में ही गर्म कपड़ों में लिपट चुके थे। काफी वर्ष बाद इस बार दिसंबर के पहले सप्ताह में इस तरह की ठंड महसूस की जा रही है। ऐसी ठंड आमतौर पर दिसंबर के अंतिम सप्ताह व जनवरी में महसूस की जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा और यहां के रात के तापमान में और कमी दर्ज की जाएगी।
निगम को करनी चाहिए अलाव की व्यवस्था
नगर निगम द्वारा ठंड के मौसम में चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की जाती है। इससे देर रात तक सड़क पर रहनेवालों पर खासतौर पर काफी राहत मिलती है। आमतौर पर ये व्यवस्था दिसंबर के अंतिम सप्ताह से की जाती है। इस बार चूंकि ठंड पहले आ गयी है ऐसे में निगम द्वारा अलाव की व्यवस्था भी पहले की जानी चाहिए।