ग्रामीणों ने किया थाने पर प्रदर्शन
चितरा (देवघर) : करमाटांड़ के बनकट्टी गांव निवासी विनोद रजक की निर्मम हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने न
चितरा (देवघर) : करमाटांड़ के बनकट्टी गांव निवासी विनोद रजक की निर्मम हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने न्याय की मांग करते हुए शुक्रवार को थाना के समक्ष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने मांगों को नजरअंदाज करते हुए शव को अंत्यपरीक्षण के लिए देवघर भेज दिया गया। पुलिस ने जब लोगों से शव ले जाने की बात कही तो ग्रामीणों ने शव लेने से इन्कार करते हुए कहा कि पुलिस अपने मन मुताबिक सारा काम कर रही है। वह इसका दाह संस्कार करे या इसे फेंक दे, यह उसकी जिम्मेदारी है। सूचना पाकर एसपी ए विजय लक्ष्मी घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों को समझाते हुए भरोसा दिलाया कि दो दिनों में अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तब जाकर ग्रामीण शव लेने के लिए तैयार हुए।
बता दें कि विनोद का शव गुरुवार को थाना की पुलिस ने कटहरा जंगल से बरामद किया था। विनोद के पिता भागीरथ रजक ने दावा किया कि भवानीपुर निवासी गौतम रजक की पुत्री एकादशी कुमारी से उसके बेटे का प्रेम संबंध था। उसने बेटे को फोन कर बुलाया था। उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। बेटे की शादी तय होने के बाद युवती धमकी दे रही थी।