ढलती गई रात, बढ़ती गई कतार
देवघर : मेला शुरू होने के बाद से कांवरियों की संख्या में जो कमी नजर आ रही थी वह सोमवार को एक ही झटके
देवघर : मेला शुरू होने के बाद से कांवरियों की संख्या में जो कमी नजर आ रही थी वह सोमवार को एक ही झटके में बदल गया। कांवरियों की अप्रत्याशित भीड़ के आगे प्रशासन की व्यवस्था बौनी नजर आ रही थी। रात को ही लगने लगा था कि आज भीड़ काफी होगी, क्योंकि कतार लगातार लंबी होती जा रही थी और आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। रात भर कतार में आने वाले कांवरियों की गति एक सी बनी रही जिसका परिणाम था कि रात एक बजे तक कांवरियों की कतार सिंघवा गांव पार कर चुकी थी। दो बजे के बाद तो कतार इससे कहीं आगे डढ़वा पुल को पार कर चमारीडीह गांव के पास पहुंच चुका था। मंदिर से सभी होल्डिंग प्वाइंट को मिलाकर ये दूरी करीब 15 किमी लंबी हो गई। पूजा करने के लिए आगे बढ़ रहे कांवरिया व कतार में जाने के लिए कांवरियों की कतार समानांतर रूप से चलती रही। कांवरियों की बढ़ती कतार को देखते हुए प्रशासन की ओर से आनन-फानन में सिंघवा के आगे के इलाकों में पुलिस बल, रौशनी व पानी की व्यवस्था की गई। कांवरियों के इस सैलाब को नियंत्रित करने में प्रशासन का पसीना छूट गया। हर कोई यहीं मना रहा था कि कोई अप्रिय घटना न हो। बाबा भोले की कृपा से कुछ ही घंटों में कांवरियों की कतार पूरी तरह से नियंत्रित हो गया।