संतालपरगना से भ्रष्टाचार मिटाना लक्ष्य : निशिकांत
जसीडीह (देवघर) : सांसद निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को जसीडीह व आसपास के इलाकों में चल रहे विकास योजनाओ
जसीडीह (देवघर) : सांसद निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को जसीडीह व आसपास के इलाकों में चल रहे विकास योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित योजना के संवेदक व विभागीय अधिकारी को खास हिदायत दी। कहा कि संताल परगना से भ्रष्टाचार खत्म करना प्राथमिकता है। इसके लिए समाज के सभी वर्ग को आगे आना होगा। नेता व कुछ अधिकारियों के चाहने से ही भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो सकता है। भ्रष्टाचार के चलते एक तरफ महल बनाया जा रहा है तो दूसरी तरफ जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।
सांसद ने डढ़वा नदी पर निर्माणाधीन पुल, गार्डवाल को देखकर गुणवत्ता में सुधार का स्पष्ट निर्देश दिया। कोकरीबांक पंचायत के रायडीह रेलवे फाटक से गांव तक बन रही सड़क व पुलिया, माधोपुर-सिकदार गांव से बदिया जाने वाली सड़क, रामकृपाल कंस्ट्रक्शन द्वारा जसीडीह सब्जी बाजार से रायडीह रेलवे फाटक तक बनाई जा रही सड़क व पुलिया समेत अन्य योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुमैठा में निर्माणाधीन स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स का जायजा भी लिया। बताया कि झारखंड में इस तरह का पहला स्टेडियम बनाया जा रहा है। जिसमें क्षेत्र के खिलाड़ियों को सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी। तकनीकी कारणों से निर्माण में विलंब हुआ है, जिसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि विकास कार्यो में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हो इसके लिए अधिकारियों की निगरानी समिति बनाई जाएगी। समिति विकास कार्यो का समय-समय पर जांच करके रिपोर्ट देगी।
मौके पर राजन सिंह, संजय राय, मुकेश पाठक, देवता पांडेय, ललन दुबे, जीतेश राजपाल, संतोष गुटगुटिया, हरि किशोर सिंह आदि उपस्थित थे।