कांवरियों के लिए होगा पुख्ता इंतजाम
देवघर : इस वर्ष श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों के लिए पुख्ता इंतजाम किया जाएगा। मेला शुरू होने से क
देवघर : इस वर्ष श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों के लिए पुख्ता इंतजाम किया जाएगा। मेला शुरू होने से काफी पहले से प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को अधिकारियों की टीम ने सभी महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। टीम सबसे पहले मंदिर पहुंची। मंदिर में कैसा होगा इंतजाम, यहां सुरक्षा को लेकर क्या कुछ किया जाना है, इस बारे में विचार किया गया। वहीं यहां से टीम रूट लाइन होते हुए मानसरोवर, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज भी गई। इस बार रूट लाइन को कैसे बेहतर किया जाए इस बारे में चर्चा हुई। वहीं नंदन पहाड़ के आसपास के जगह को कैसे बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है इस खास तौर पर विचार हुआ। प्रयास किया जा रहा है कि काफी हद तक यहीं पर भीड़ को कंट्रोल किया जाए ताकि आगे व पीछे ज्यादा दबाव न पड़े। यहां एक बड़ा पंडाल लगाने पर भी चर्चा हो रही है। एक पंडाल जलसार में बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं कांवरियों व ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सुविधा को भी ध्यान में रखा जा रहा है। यहां से टीम कांवरिया पथ होते हुए दुम्मा पहुंची। पूरे रास्ते में कैसी व्यवस्था की जानी है इस पर खास चर्चा की गई। रास्ते में भी कांवरियों को कैसे रोकना है इसके लिए कहां-कहां पंडाल बनाया जा सकता है, प्रवेश द्वार दुम्मा में कैसा इंतजाम करना है इस पर भी टीम ने मंथन किया। बिजली, पानी, सफाई आदि व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। टीम में उपायुक्त अरवा राज कमल, एसपी ए विजयालक्ष्मी, मंदिर प्रबंधन बोर्ड के सदस्य केएन झा, एसडीओ सुधीर कुमार गुप्ता, एसडीपीओ दीपक कुमार पांडेय अन्य अधिकारी व कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।