रघुवर सरकार का काला कानून बर्दाश्त नहीं
मधुपुर (देवघर) : शहर के किसान भवन में रविवार को झामुमो जिलाध्यक्ष नरसिंह मुर्मू की अध्यक्षता में जिल
मधुपुर (देवघर) : शहर के किसान भवन में रविवार को झामुमो जिलाध्यक्ष नरसिंह मुर्मू की अध्यक्षता में जिला समिति की बैठक हुई। इसमें पार्टी के केंद्रीय कमेटी के निर्देश पर 30 अप्रैल को सभी प्रखंड मुख्यालय में स्थानीय नीति लागू करने के विरोध में प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। सात मई को समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन जबकि 13 को मधुपुर व देवघर नगर में मशाल जुलूस निकालने की बात कही गई। वहीं 14 मई को पार्टी के झारखंड बंद को सफल बनाने का निर्णय लिया गया।
पूर्व मंत्री सह केंद्रीय उपाध्यक्ष हाजी हुसैन अंसारी ने कहा कि रघुवर सरकार की स्थानीय नीति का जोरदार ढंग से विरोध किया जाएगा। सरकार 1932 के खतिहान को आधार बनाकर स्थानीय नीति लागू नहीं करती है तो झामुमो किसी सूरत में काला कानून को लागू नहीं होने देगी। कहा कि रघुवर सरकार ने झारखंड के मूलवासियों की पीठ पर खंजर मारने का काम किया है। हेमंत सोरेन ने इसलिए अपने कार्यकाल में स्थानीय नीति को लागू नहीं किया क्योंकि उन्हें पहले राज्य व विकास की चिंता थी। रघुवर दास को एक सोची समझी रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री इसलिए बनाया कि जो चाहेंगे आसानी से करवाया जा सकता है। अगर अर्जुन मुंडा मुख्यमंत्री होते तो इस तरह के विसंगतियों से भरे स्थानीय नीति को कदापि लागू नहीं करते। वर्तमान में लागू स्थानीय नीति से झारखंड के आदिवासी से अधिक गैर आदिवासी को परेशानी होगा।
जिला अध्यक्ष, जिला सचिव संजय शर्मा, निर्मला भारती, कार्यकारी अध्यक्ष दिलावर हुसैन, बसंत सिंह, जिप सदस्य दिनेश्वर किस्कू, संतोष सिंह, जियाउल हक उर्फ टारजन, जयप्रकाश मंडल, फैयाज अहमद आदि ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान आंदोलन की सफलता को लेकर जिले के सभी दस प्रखंडों में पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए।
मौके पर हफीजुल हसन, अस्तानंद झा, शीला देवी, संजय चरण, हाजी अब्दुल अंसारी, जिप सदस्य इमरान अंसारी, दिलीप जायसवाल, अंसार अहमद, फारूक अंसारी, मकसद खान, सोना लाल हांसदा, साकिर अंसारी, जाहिद हुसैन, लखन किस्कू, सरोज सिंह आदि उपस्थित थे।