एकतरफा प्यार में छात्रा को सरेआम पीटा
देवघर : सत्संग चौक पर सोमवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया जब एक युवक ने छात्रा की सरेआम पिटाई शुरू कर
देवघर : सत्संग चौक पर सोमवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया जब एक युवक ने छात्रा की सरेआम पिटाई शुरू कर दी। उसने पीड़िता का गला पकड़ लिया। एक पल के लिए ऐसा लगा मानो उसकी जान ही ले लेगा। इस बीच आसपास के लोग वहां जमा हो गए। उन लोगों ने पहले तो छात्रा को बचाया फिर युवक की धुनाई कर दी। बाद में लोगों ने युवक को सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट के खंभे से बांध दिया। सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस पहुंची और युवक को थाना ले गई। पकड़ा गया युवक रोहित कुमार गोस्वामी रांगा मोड़ के पास रहता है। वह देवघर कॉलेज के डी वन का छात्र है। आरोपी ने बताया कि वह छात्रा से प्यार करता है, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानती। इसलिए वह उसे समझाने का प्रयास कर रहा था। उसके समझाने का यह तरीका किसी के समझ में नहीं आया। जिसके साथ मारपीट की गई वह बीएड की छात्रा है। उसने देवघर कॉलेज से अंग्रेजी में स्नातक किया है। आदिवासी छात्रा मूल रूप से दुमका जिले के टेंगरा थाना क्षेत्र की रहनेवाली है। देवघर में वह इस युवक के घर के पास ही किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहती है। पीड़िता ने बताया कि वह युवक से पांच वर्ष बड़ी है। उसका आरोपी से कोई संबंध नहीं है। वह जबरन उसके साथ रिश्ता बनाना चाहता था। दो दिन पहले उसने तिवारी चौक के पास रास्ता रोक लिया था। उसने ये बात अपनी मां को बताई थी और मां ने युवक के पिता को सारी जानकारी दी थी। उसके डर से छात्रा ने कॉलेज जाने के लिए अपना रास्ता तक बदल लिया, पर सोमवार को मौका पाकर उसके साथ मारपीट की और जानलेवा हमला किया।
बताया जाता है कि युवक के पिता पीड़िता के घर दूध पहुंचाते थे। बीच-बीच में आरोपी भी आता था। वह उसे मन ही मन प्यार करने लगा था। उससे शादी करना चाहता था। छात्रा इस बात के लिए राजी नहीं थी। यही बात युवक को नागवार गुजरी। पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत थाने में दर्ज करा दी है, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।