झांकी में बच्चों के शामिल होने पर प्रशासन सख्त
देवघर : सत्संग आश्रम प्रबंधन की ओर से श्रीश्री ठाकुर जी के आगमन दिवस पर विशेष शोभा यात्रा निकाली गयी
देवघर : सत्संग आश्रम प्रबंधन की ओर से श्रीश्री ठाकुर जी के आगमन दिवस पर विशेष शोभा यात्रा निकाली गयी। पूरा शहर इसे देखने को बेताब रहा। प्रशासन की तत्परता देखते ही बन रही थी। ट्रैफिक को पूरी तरह नियंत्रित रखने के लिए पूरा इंतजाम किया गया था। एसडीओ यात्रा के आरंभिक प्वाइंट पर तो, थाना प्रभारी मध्य व अन्य पदाधिकारियों को टेल पर रखा गया था। पूर्व की घटना व अभी हाल में सावन में हुए हादसा के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्कता बरते हुए है।
एसडीओ सुधीर गुप्ता ने कहा कि शोभा यात्रा में छोटे-छोटे बच्चों को भी शामिल किया गया था। वह कतार में एक जगह खड़े रहते तो कोई परेशानी नहीं थी। लेकिन उन्हें भी दौड़ाया जा रहा था। यह अमानवीय लग रहा था। इस स्थिति को देखते हुए टावर चौक के पास बच्चों को ऐसा करने से रोक दिया गया। लेकिन आश्रम प्रबंधन को एक चेतावनी भरा पत्र दिया गया है। जिसमें साफ कहा गया है कि बच्चों को जुलूस में शामिल करना और दौड़ाना गलत है। इससे अप्रिय घटना हो सकती है। भविष्य में इसकी पुनरावृति नहीं हो। यदि ऐसा होता है और कोई घटना हो जाती है तो सारी जिम्मेवारी सत्संग प्रबंधन की होगी।
प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए आश्रम प्रबंधन से कहा था कि वह कोई भी गेट बंद नहीं रखेंगे। जानकारी हो कि 2013 में एक बड़ी घटना हो गयी थी जिसके बाद प्रशासन का हस्तक्षेप हुआ है। जानकारी के मुताबिक प्रशासन की ओर से इस बात की भी हिदायत दी गयी है कि सूचना दी गयी कि बीस हजार अनुयायी आएंगे जबकि देखने से ऐसा लगा कि पचास हजार से अधिक लोग आए हैं।