डिजिटल लॉकर में संचित रहेगा महत्वपूर्ण डाटा : डीडीसी
जामताड़ा : डिजिटल इंडिया सप्ताह के दूसरे दिन समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया
जामताड़ा : डिजिटल इंडिया सप्ताह के दूसरे दिन समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उप विकास आयुक्त कुमार मिथिलेश ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की शुरुआत के पीछे आम लोगों को तकनीक का फायदा पहुंचाने का उद्देश्य है। यह काफी महत्वपूर्ण है, इसके इस्तेमाल से कई कार्य काफी सहज हो जाएंगे। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका डिजिटल लॉकर निभाएगी। कोई भी व्यक्ति डिजिटल लॉकर में अपना महत्वपूर्ण डाटा बेस सुरक्षित रख सकेगा। इससे जहां भी जरूरत होगी वह निकाल सकेगा। उप विकास आयुक्त ने डिजिटल इंडिया की सफलता में छात्रों की अहम भूमिका बतायी। उन्होंने इस दिशा में जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक पहल करने को कहा। मौके पर अपर समाहर्ता विधानचंद्र चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अर¨वद कुमार आदि ने अपना -अपना वक्तव्य रखा। इस अवसर पर जिला सूचना पदाधिकारी अभय परासर ने क्रमवार डिजिटल इंडिया की जानकारी दी। परासर ने कहा कि डिजिटल इंडिया योजना के जरिये हर गांव और शहर को इंटरनेट से जोड़ना है ताकि लोग ज्यादातर अपने काम ऑनलाइन करवा सकें। उक्त योजना में करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसमें सरकार व निजी कंपनियां दोनों सहयोग करेगी। डिजिटल इंडिया से डिजिटल तिजोरी जहां अपने दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन रख सकेंगे और इन्हें कहीं से भी कभी भी एक्सेस किया जा सकता है। वहीं, ई बैग की सुविधा मिलेगी छात्र अपने शिक्षा बोर्ड की किताब कहीं से भी डाउनलोड करके पढ़ सकेंगे। इसमें सभी राज्यों के शिक्षा बोर्ड अपनी किताबें ऑनलाइन रखेंगे। इसके अलावा ई-अस्पताल योजना, रोजगार, मोबाइल ऐप (माई जीओवी) और स्वच्छ भारत मिशन की मोबाइल ऐप, नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल आदि की सुविधाएं उपलब्ध है। जिला सूचना पदाधिकारी ने डिजिटल इंडिया के नौ स्तंभ पर भी प्रकाश डाला जिसमें ब्राडबैंड हाइवे, सबके पास फोन पहुंचाना, पब्लिक इंटरनेट एक्सेस प्रोग्राम, ई-गवर्नमेंट, ई-क्रांति, इंफार्मेशन फॉर आल, इलेक्ट्रानिक्स उत्पादन, आइटी फॉर जॉब्स एवं अर्ली हार्वेस्ट प्रोग्राम है। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. बीके साहा, जिला नजारत उप समाहर्ता प्रवीण चौधरी, जिला पंचायती पदाधिकारी ओंकारनाथ, जिला परिवहन पदाधिकारी महेंद्र माझी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रतिभा चौधरी, जामताड़ा अंचलाधिकारी हेमा प्रसाद, जामताड़ा सीडीपीओ स्नेहा कश्यप, जिला ई प्रबंधक बीरजू राम, डीपीएम आधार राजीव कुमार समेत विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य व प्रज्ञा केंद्र संचालक उपस्थित थे।
बेहतर कार्य करनेवालों को किया सम्मानित
डिजिटल इंडिया के जिला स्तरीय कार्यशाला में बेहतर कार्य करनेवाले प्रज्ञा संचालकों को उप विकास आयुक्त कुमार मिथिलेश प्रसाद ने सम्मानित किया। इन संचालकों ने आम लोगों को डिजिटल लॉकर की सुविधा की जानकारी देते हुए कई लोगों का डिजिटल लॉकर खोला था। इनमें नारायणपुर प्रखंड के बुटबेरिया पंचायत के प्रज्ञा केंद्र संचालक मो. ताहिर, नारायणपुर प्रखंड के कोरीडीह पंचायत के प्रज्ञा केंद्र संचालक मो. फिरोज आलम, करमाटांड़ प्रखंड के तारकोजोड़ी पंचायत के प्रज्ञा केंद्र संचालक नौशाद अंसारी, नारायणपुर प्रखंड के बाकुडीह पंचायत का प्रज्ञा केंद्र संचालक कलीम अंसारी, करमाटांड़ प्रखंड के शिकरपोशनी पंचायत के प्रज्ञा केंद्र संचालक ¨मटू व जामताड़ा प्रखंड के गोपालपुर पंचायत के प्रज्ञा केंद्र संचालक अभय वर्णवाल का नाम शामिल है। उप विकास आयुक्त ने प्रज्ञा केंद्र संचालकों को और बेहतर कार्य करने को कहा।