अपराध की खबरें
ऑटो पलटा, चार जख्मी जासं, देवघर : देवघर-कटोरिया मुख्य सड़क मार्ग पर चानन थाना अंतर्गत बांक गांव के
ऑटो पलटा, चार जख्मी
जासं, देवघर : देवघर-कटोरिया मुख्य सड़क मार्ग पर चानन थाना अंतर्गत बांक गांव के पास रविवार को एक ऑटो पलट जाने से उसपर सवार महिला सहित चार लोग घायल हो गए। बताया गया कि ऑटो की गति ज्यादा होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और वह पलट गई। घायलों में से दो को सदर अस्पताल में और दो अन्य को निजी क्लीनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों में केनमन कोल, बालेश्वर कोल बेलहर थाना क्षेत्र के टेंगरा व देवेंद्र पंडित व सुमा देवी बेलहर थाना क्षेत्र के बारा गांव के रहनेवाले हैं। घटना की पुलिस छानबीन कर रही है।
दो आरोपी गिरफ्तार
जासं, देवघर : नगर थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के दो आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन दोनों को एएसआइ विजय कुमार मंडल ने टीम के साथ मधुपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले से गिरफ्तार किया है। अफसाना खातून ने गिरफ्तार पति सरतान खान व भैंसुर सलाउद्दीन खान के खिलाफ नगर थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था।
फेसबुक फ्रेंड के साथ छात्रा लापता
जासं, देवघर : नगर थाना क्षेत्र की एक छात्रा अपने फेसबुक फ्रेंड के साथ लापता हो गई है। इस सिलसिले में नगर थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लड़का व लड़की का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि इन दोनों की दोस्ती फेसबुक से हुई। देखते ही देखते उनमें प्यार हो गया। इसी प्यार के चक्कर में दोनों घर से भाग गए। बाद में घरवालों को इसकी भनक मिली।