बंद समर्थकों ने निकाला मशाल जुलूस
देवघर : भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा चार मई सोमवार को बंद की अपील की
देवघर : भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा चार मई सोमवार को बंद की अपील की गयी।
इसके पूर्व रविवार को मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें झारखंड विकास मोर्चा, राजद, जदयू, भाकपा, माकपा व फारवर्ड ब्लॉक के कार्यकर्ता शामिल थे। आर मित्रा से मशाल जुलूस का शुभारंभ हुआ तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं ने व्यवसायी व आम जनता से आंदोलन का समर्थन करने की अपील की। इस दौरान भूमि अधिग्रहण को किसान, मजदूर व जनविरोधी बताते हुए कहा गया कि यह चंद पूंजीपतियों के लिए है। इससे आम जनता की स्वतंत्रता छिन जाएगी। इस मौके पर देवघर-दुमका मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा गया कि अगर प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा सक्रिय रहता तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। मृतक के परिजनों को पांच लाख मुआवजा देने की भी मांग की गई। पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, नित्यानंद केसरी, नागेश्वर सिंह, हर्षवर्द्धन, वासुदेव प्रसाद देव, दिनेश मंडल, विपिन देव, गौतम ठाकुर व विनोद वर्मा आदि मौजूद थे।