बंदी के कारण लंबी दूरी की बसें प्रभावित
जसीडीह (देवघर) : नक्सलियों द्वारा शुक्रवार को बुलाए गए बंदी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बंदी के का
जसीडीह (देवघर) : नक्सलियों द्वारा शुक्रवार को बुलाए गए बंदी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बंदी के कारण सीमावर्ती बिहार और झारखंड जानेवाली गाड़ियों को पूरी तरह बंद रखा गया। ट्रेनों का परिचालन पहले की भांति ही रहा। जसीडीह से दुमका, पीरपैंती, साहिबगंज, सुल्तानगंज, गिरिडीह, रांची, टाटा की ओर जानेवाली बसें पड़ाव में ही खड़ी रही। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटी गाड़ियों के सहारे लोग आवागमन करते देखे गए। ऊपर से चालकों ने मनमाना किराया वसूला। बंदी पर जसीडीह रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आरपीएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया था। पुलिस भी विशेष चौकस नजर आई। बता दें कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में आम लोगों पर पुलिसिया जुल्म के खिलाफ नक्सलियों ने बंद की अपील की थी। जनवरी माह में तीसरी बार बंदी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।