सारठ में सड़क दुर्घटना, दो की मौत
सारठ (देवघर) : थाना क्षेत्र के सारठ-मधुपुर पथ के पतरो पुल पर रविवार को पिकअप वाहन की चपेट में आकर मो
सारठ (देवघर) : थाना क्षेत्र के सारठ-मधुपुर पथ के पतरो पुल पर रविवार को पिकअप वाहन की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति टेटू रवानी की घटनास्थल पर मौत हो गई। दूसरे ने इलाज के लिए ले जाने क्रम में दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि सारवां थाना के विशनपुर निवासी टेटू रवानी (48) अपने गांव के दो लोगों के साथ मवेशी खरीदने सिमरा मोड़ हटिया गया था। तीनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुल पर पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल को धक्का मार दिया। इसमें नंदकिशोर यादव एवं सुधीर यादव दूर जा गिरे जबकि टेटू रवानी वाहन में फंस गया। पिकअप वाहन चालक वाहन रोकने के बजाए उसे लेकर भागने लगा। जब वाहन सारठ के बाभनगामा बाजार से गुजरा तो मुखिया महेश सिंह, केदार यादव व अन्य की नजर उसमें फंसे टेटू पर पड़ी। हल्ला करते हुए सभी उसका पीछा करने लगे। इस दौरान बांधडीह के पास एक गली में वाहन फंस गया। इसके बाद चालक व अन्य लोग वाहन छोड़कर भागने लगे। लोगों ने चालक को पकड़ा और उसकी बुरी तरह धुनाई कर दी। दो अन्य भाग निकले। सूचना मिलने पर एएसआइ केएन शर्मा घायल दो अन्य युवकों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक ने उन्हें देवघर रेफर कर दिया। देवघर ले जाने के क्रम में सारवां के माणिकपुर निवासी नंदकिशोर यादव (40) की मौत हो गई। सुधीर यादव (30) का इलाज देवघर के निजी नर्सिग होम में किया जा रहा है। वहीं पूर्व विधायक उदयशंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, बीडीओ प्रमोद कुमार दास, पुलिस निरीक्षक माधव राम भार्गव, थाना प्रभारी चंदन सिंह ने घटना की जानकारी ली।
उधर लोगों का आरोप था कि पुलिस पुल पर मवेशी लदे वाहनों से रुपये वसूल रही थी। इससे बचने के चक्कर में पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवारों को धक्का मार दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। काफी प्रयास के बाद लोग माने। बीडीओ ने हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।