लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने की ली शपथ
करौं (देवघर) : मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि सभागार में करौं व
करौं (देवघर) : मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि सभागार में करौं व मारगोमुंडा के प्रेरकों की बैठक हुई। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी प्रियंका जायसवाल, साक्षरता प्रबंधक विश्वनाथ रवानी ने प्रेरकों से मतदाताओं को जागरूक करने का निर्देश दिया। कहा कि मतदाता बिना किसी प्रलोभन के मतदान करें। इसी से सुदृढ़ प्रजातंत्र की स्थापना की जा सकती है। इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा। साक्षरता प्रबंधक ने चुनाव तक सभी लोकशिक्षा केंद्रों को मतदाता सहायता केंद्र के रूप में संचालित करने का निर्देश दिया। प्रेरकों को मतदाता शपथपत्र भी पढ़वाया गया। इसमें लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने व स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा रखते हुए बिना किसी भय के मतदान करने की शपथ दिलाई गई। मौके पर पिंकी देवी, रेखा देवी, चांदनी कुमारी, राजू साहा, दिगंबर रवानी, विरेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।