जनता से किए वायदे हो रहे पूरे : विस अध्यक्ष
सारठ/मधुपुर : विस अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने बुधवार को सारठ के पथरडा पंचायत अंतर्गत पतरो नदी के बर
सारठ/मधुपुर : विस अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने बुधवार को सारठ के पथरडा पंचायत अंतर्गत पतरो नदी के बरदही-सिमरा मोड़ घाट पर पुल निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। ग्रामीण कार्य विभाग एवं मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना अंतर्गत 5.18 करोड़ की लागत से इस उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाना है। इसके पूर्व विस अध्यक्ष का लोगों ने स्वागत किया।
विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि जनता से किए वायदे को पूरा किया जा रहा है। पुल बन जाने से सारठ व मधुपुर प्रखंड के ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी। बारिश में लोगों को आवागमन में किसी तरह की समस्या नहीं होगी। कहा कि हेमंत सरकार ने कम समय में ज्यादा काम करके दिखाया है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण देकर उनका मान बढ़ाया है। राज्य की सत्ता पर सर्वाधिक समय तक काबिज भाजपा मोदी के भरोसे नैया पार लगाने की फिराक में है। लेकिन यहां की जनता सब समझती है। उन्होंने ऐसे लोगों को सबक सिखाने की अपील की। समारोह को मुखिया नरेश प्रसाद यादव, नंदकिशोर तुरी, स्वतंत्रता सेनानी कालीचरण तिवारी, मंगल महरा, मोहन महरा, अशोक दास आदि ने भी संबोधित किया। मंच संचालन विधायक प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने किया। मौके पर विस अध्यक्ष के आप्त सचिव राममोहन चौधरी, मणि राय, सचिन महरा, बनवारी महरा, संवेदक मनोज कुमार सिंह, राजेश सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
प्राक्कलन के अनुरूप कार्य करने का निर्देश
मधुपुर : थाना मोड़ के समीप सहकारिता एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने 8.89 करोड़ की लागत से बननेवाले मधुपुर बाइपास सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। संवेदक व अभियंता को प्राक्कलन के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। बताया कि काफी जद्दोजहद व उनके प्रयास से इस पथ की स्वीकृति दिलाई गई है। विभाग को हिदायत देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर नियमित रूप से कनीय अभियंता मौजूद रहकर काम कराएं। कहा कि उनका मकसद रहा है कि विधानसभा क्षेत्र में जनता को सारी बुनियादी सुविधा उपलब्ध हो। विकास के साथ राजनीति करना उनका मकसद न रहा है न ही रहेगा। विकास किसी मजहब, जाति, धर्म के लिए नहीं होता। बता दें कि 5.3 किमी लंबी इस सड़क की चौड़ाई 22 फीट होगी। एक साल में इसका निर्माण कर लिया जाना है। इस सड़क के निर्माण हो जाने के बाद बड़े वाहनों का प्रवेश आसान हो जाएगा। मौके पर प्रमुख सुबल प्रसाद सिंह, सहायक अभियंता राजकुमार प्रसाद, कनीय अभियंता विनोद कुमार सिंह, संवेदक पंचम मिश्रा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिनेश्वर किस्कू, जिला प्रवक्ता अबू तालिब अंसारी, वरीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश मंडल, फैयाज अहमद, समाजसेवी शिव प्रसाद गुप्ता, पार्षद निताई सोरेन आदि उपस्थित थे।